सुवा : फिजी के चीनी उद्योग को उत्पादन संबंधी बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि हर पेराई सीजन में बड़ी मात्रा में गैर-स्वीकृत गन्ना किस्में मिलों को भेजी जा रही हैं। चीनी मंत्री टोमासी तुनाबुना ने किसानों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि, बिना स्वीकृति वाली गन्ना किस्मों की आपूर्ति मास्टर अवॉर्ड समझौते के तहत अवैध है और मिलों को ऐसे गन्ने को अस्वीकार करने का अधिकार है। मंत्री ने बताया कि, किसानों को पहले ही तीन साल का समय दिया गया था ताकि वे गैर-स्वीकृत गन्ना किस्मों को धीरे-धीरे बंद कर सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस वर्ष ऐसे गन्ने को स्वीकार करने का अंतिम सीजन होगा।
मंत्री तुनाबुना ने कहा कि, वर्तमान उत्पादन स्तर फिजी के गन्ना उद्योग की स्थिरता के लिए पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि, सभी हितधारकों की सामूहिक जिम्मेदारी है कि औसत उत्पादन को मौजूदा 50 टन प्रति हेक्टेयर से बढ़ाकर कम से कम 65 टन प्रति हेक्टेयर तक पहुंचाया जाए, ताकि गन्ना खेती लाभदायक बन सके। उन्होंने कहा कि, मौजूदा उत्पादन स्तर किसानों और चीनी मिलों दोनों के लिए लाभकारी नहीं है, जिससे उद्योग की दीर्घकालिक स्थिरता पर दबाव बढ़ रहा है।
मंत्री के अनुसार, लाबासा मिल में हर साल 10 लाख टन से अधिक गन्ना पेराई की क्षमता है, लेकिन फिलहाल यह अपनी आधी क्षमता पर ही काम कर रही है। उन्होंने कहा कि लाबासा मिल को लाभ-हानि संतुलन तक पहुंचने और अधिक कुशलता से संचालन करने के लिए कम से कम 7 लाख टन गन्ने की आपूर्ति जरूरी है। उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों का कहना है कि, फिजी के चीनी उद्योग के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए गन्ने की गुणवत्ता सुधारना, उत्पादन बढ़ाना और आधुनिक खेती तकनीकों को अपनाना बेहद जरूरी होगा।


















