पुणे : गन्ना पेराई मौसम 2025-26 में किसानों के गन्ने की एफआरपी बकाया रखने के मामले में सोलापुर जिले में स्थित गोकुळ शुगर इंडस्ट्रिज लिमिटेड के खिलाफ चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते ने जब्ती कार्रवाई के आदेश जारी किए हैं।मिल पर किसानों की एफआरपी की कुल 130 करोड़ 46 लाख 25 हजार रुपये की बकाया राशि है। साथ ही इस रकम पर 15 प्रतिशत ब्याज वसूलने के भी निर्देश दिए गए हैं। गन्ना (नियंत्रण) आदेश 1966 के प्रावधानों के अनुसार, किसी भी चीनी मिल को पेराई किए गए गन्ने का एफआरपी भुगतान किसानों को 14 दिनों के भीतर करना अनिवार्य है। देरी होने पर 15 प्रतिशत ब्याज लगाने का प्रावधान है। इसके बावजूद गोकुळ शुगर ने किसानों की एफआरपी राशि का भुगतान लंबित रखा है।
सोलापुर क्षेत्रीय चीनी सहसंचालक कार्यालय द्वारा सत्र 2025-26 के कुल पेराई, अनुमानित एफआरपी, गन्ना कटाई और परिवहन लागत संबंधी जानकारी मांगे जाने के बावजूद मिल प्रबंधन ने विवरण प्रस्तुत नहीं किया। साथ ही चीनी आयुक्तालय में सुनवाई के दौरान भी मिल की ओर से कोई प्रतिनिधि उपस्थित नहीं हुआ। आदेश के अनुसार, मिल पर बकाया राशि और उस पर देय 15 प्रतिशत ब्याज की वसूली जमीन महसूल बकाया मानकर की जाएगी। इसके लिए मिल द्वारा उत्पादित चीनी, मोलॅसिस और बगास जैसे उत्पादों की बिक्री से रकम वसूलने के निर्देश दिए गए हैं।
यदि चीनी का स्टॉक बैंक के पास गिरवी रखा गया है, तो गैर-गिरवी चल और अचल संपत्तियों को जब्त कर सरकारी नाम दर्ज करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसके बाद इन संपत्तियों की नियमानुसार बिक्री कर बकाया वसूली की जाएगी। इस कार्रवाई के लिए सोलापुर जिला प्रशासन को अधिकृत किया गया है। यह आदेश 15 मई को जारी किए गए।
3 लाख 67 हजार 500 मीट्रिक टन गन्ने की पेराई
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि, मिल की प्रतिदिन 3500 मीट्रिक टन पेराई क्षमता को आधार मानते हुए सत्र 2025-26 में करीब 3 लाख 67 हजार 500 मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की गई। मिल का बेसिक शुगर रिकवरी 10.25 प्रतिशत मानते हुए एफआरपी की 130 करोड़ 46 लाख 25 हजार रुपये की राशि बकाया पाई गई है। इसी आधार पर गन्ना नियंत्रण आदेश के तहत बकाया गन्ना भुगतान को जमीन महसूल बकाया मानते हुए चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते ने वसूली और जब्ती कार्रवाई के आदेश पारित किए हैं।


















