कोल्हापुर: महाराष्ट्र में नए गन्ना पेराई सीजन की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन वर्ष 2025-26 के पेराई सीजन का 119 करोड़ रुपये का उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) अभी भी 21 चीनी मिलों पर बकाया है। 16 अक्टूबर 2026 को चीनी आयुक्तालय की ओर से जारी रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में पिछलें साल पेराई सीजन में शामिल कुल 210 चीनी मिलों में से 189 मिलों ने किसानों को 100 प्रतिशत एफआरपी का भुगतान कर दिया है।
राज्य की 210 चीनी मिलों ने संबंधित सीजन में कुल 1,045.63 लाख टन गन्ने की पेराई की थी। गन्ने की कटाई और परिवहन (H&T) खर्च सहित कुल सकल एफआरपी देनदारी 40,446 करोड़ रुपये थी। मिलों ने किसानों को एफआरपी के रूप में कुल 41,854 करोड़ रुपये का भुगतान किया। हालांकि, गन्ने की कटाई और परिवहन (H&T) खर्च को छोड़कर किसानों को सीधे देय एफआरपी पर गौर करें, तो अब तक 40,327 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है, जबकि 119 करोड़ रुपये अभी भी बकाया हैं। इस तरह राज्य के किसानों को प्रत्यक्ष रूप से देय एफआरपी का 99.71 प्रतिशत भुगतान किया जा चुका है।
इस बीच, राज्य की 17 चीनी मिलों ने 80 से 99.99 प्रतिशत तक एफआरपी का भुगतान किया है। इन मिलों से जुड़े किसान अब भी शेष बकाया राशि मिलने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, तीन चीनी मिलों ने 60 से 80 प्रतिशत तक एफआरपी का भुगतान किया है, जबकि एक मिल ने 59 प्रतिशत से भी कम एफआरपी चुकाई है।चीनी आयुक्तालय ने बकाया भुगतान में देरी को लेकर राज्य की 20 चीनी मिलों के खिलाफ आरआरसी (RRC) के तहत कार्रवाई की है।
#महाराष्ट्र #चीनीमिल #गन्नाकिसान #एफआरपी #एफआरपीबकाया #गन्नापेराईसीजन #किसानोंकाबकाया #चीनीआयुक्तालय #कृषिसमाचार #महाराष्ट्रसमाचार #गन्नाउत्पादककिसान


















