बेलीज़ : चीनी उद्योग के भविष्य को लेकर लगातार बढ़ रही हैं चिंताएं, बढ़ती ईंधन कीमतें और उर्वरकों की सीमित उपलब्धता से टेंशन

बेलमोपान : इस वर्ष जनवरी में 2026 के चीनी पेराई सत्र की आधिकारिक शुरुआत हुई थी और उत्पादन में लगभग 20 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान जताया गया था। अब जबकि पेराई सत्र अपने अंतिम चरण में पहुंच रहा है, उत्पादन और गन्ने की गुणवत्ता में सुधार की खबरें सामने आ रही हैं, लेकिन उद्योग के भविष्य को लेकर चिंताएं लगातार बढ़ रही हैं। उद्योग के सामने सबसे बड़ी चुनौतियां बढ़ती ईंधन कीमतें और उर्वरकों की सीमित उपलब्धता हैं। माना जा रहा है कि इन समस्याओं का असर अगले वर्ष की फसल और देशभर के बाजारों पर पड़ सकता है। इन बाजारों में पर्यटन उद्योग भी शामिल है, खासकर सैन पेड्रो टाउन जैसे पर्यटन स्थलों में। यहां पर्यटन मुख्य आर्थिक आधार है और चीनी का उपयोग खाद्य एवं पेय कारोबार में बड़े पैमाने पर होता है। इस वर्ष की शुरुआत में चीनी की कीमतों में हुई वृद्धि का असर अब व्यवसायों पर साफ दिखाई देने लगा है।

एक स्थानीय व्यवसायी ने बताया कि, कुछ पेस्ट्री उत्पादों की कीमतें अभी तक नहीं बढ़ाई गई हैं, लेकिन कई वस्तुओं के दामों में हल्की बढ़ोतरी करनी पड़ी है। उन्होंने कहा कि, यदि देश में चीनी की आपूर्ति कम होती है, तो आयात करना पड़ सकता है, जिससे उत्पादों और कीमतों पर फिर असर पड़ेगा। डाउनटाउन सैन पेड्रो में बड़ी संख्या में कॉफी शॉप, बेकरी और रेस्तरां हैं, जो अपने कारोबार के लिए चीनी पर निर्भर हैं। कारोबारी चाहते हैं कि देशभर में चीनी की पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। पिछला चीनी पेराई सत्र खराब मौसम और फ्यूजेरियम नामक फफूंद रोग से बुरी तरह प्रभावित हुआ था। हालांकि बेलीज़ सरकार और बेलीज़ शुगर इंडस्ट्रीज ने मिलकर 25 लाख डॉलर की परियोजना के जरिए इस बीमारी को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया है। इसके बावजूद उद्योग विशेषज्ञों का कहना है कि, बढ़ती ईंधन लागत और उर्वरकों की कमी जैसी नई चुनौतियों को गंभीरता से लिया जा रहा है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

शुगर इंडस्ट्री रिसर्च एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट के कार्यकारी निदेशक मार्कोस ओसोरियो ने कहा कि, चीनी उद्योग इस समय बेहद गंभीर स्थिति में है। उन्होंने कहा कि, जलवायु परिवर्तन और किसानों की कमजोर आर्थिक स्थिति का उत्पादन पर बड़ा असर पड़ेगा। ऐसे में किसान संगठनों को रणनीति बनाकर फेयर ट्रेड प्रीमियम जैसी योजनाओं का उपयोग खेत स्तर पर निवेश और बेहतर खेती प्रबंधन के लिए करना चाहिए, अन्यथा उत्पादन में और गिरावट आ सकती है। ओसोरियो ने ऑरेंज वॉक टाउन स्थित चीनी मिल को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि, इस मिल में भारी पूंजी निवेश किया गया है और इसके संचालन पर हर साल बड़ा खर्च आता है। यदि उत्पादन घटकर 5 लाख टन तक पहुंच जाता है, तो मिल का संचालन आर्थिक रूप से व्यवहारिक नहीं रह जाएगा।

आमतौर पर उद्योग को हर वर्ष करीब 9.5 लाख टन गन्ना मिल तक पहुंचने की उम्मीद रहती है।उन्होंने दोहराया कि मौजूदा पेराई सत्र का प्रदर्शन पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर रहने की संभावना है, लेकिन अगले सत्र के उत्पादन को लेकर चिंता बनी हुई है। वर्तमान गन्ना पेराई सत्र जून के दूसरे सप्ताह तक समाप्त होने की उम्मीद है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here