उत्तर प्रदेश : गड़ौरा चीनी मिल में मजदूरों का आंदोलन तेज, मिल गेट पर चीनी की लोडिंग पूरी तरह बंद करा दी

महाराजगंज : उत्तर प्रदेश के निचलौल क्षेत्र स्थित जेएचवी गड़ौरा चीनी मिल में वेतन भुगतान न होने से नाराज मजदूरों का आंदोलन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। चार महीने से वेतन नहीं मिलने से आक्रोशित श्रमिकों ने बुधवार को मिल गेट पर चीनी की लोडिंग पूरी तरह बंद करा दी, जिससे मिल के कामकाज पर सीधा असर पड़ा। सुबह से ही बड़ी संख्या में मजदूर मिल परिसर में जुटे और बकाया वेतन की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का कहना है कि लंबे समय से वेतन न मिलने के कारण उनके परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। घर का खर्च चलाना, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है।

मजदूरों ने आरोप लगाया कि, उन्होंने कई बार मिल प्रबंधन से वेतन भुगतान की मांग की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन देकर मामला टाल दिया गया। इसी नाराजगी के चलते श्रमिकों ने चीनी लोडिंग का काम पूरी तरह रोक दिया। मजदूर संघ के अध्यक्ष नवल किशोर मिश्र ने कहा कि, मिल मजदूरों की मेहनत से चलती है, लेकिन उनकी समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

धरना प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन जारी रहने से मिल प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का भी मानना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। फिलहाल मजदूर आर-पार की लड़ाई के मूड में नजर आ रहे हैं। वहीं, निचलौल के उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता ने बताया कि मजदूरों के बकाया वेतन को लेकर मिल मालिक से बातचीत जारी है। प्रबंधन ने एक महीने का वेतन देने पर सहमति जताई है, जबकि मजदूर कम से कम दो महीने का भुगतान एक साथ करने की मांग कर रहे हैं। प्रशासन ने जल्द समाधान निकालने का भरोसा दिया है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here