नई दिल्ली : भारत और नॉर्वे भारत-ईएफटीए व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते (टीईपीए) के तहत हरित ऊर्जा, समुद्री उद्योग, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और फिनटेक क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। ईवाई की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, इस समझौते के तहत अगले 15 वर्षों में भारत में 100 अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश और 10 लाख प्रत्यक्ष रोजगार सृजन का लक्ष्य रखा गया है। ‘इंडिया-नॉर्वे पार्टनरशिप: एक्सप्लोरिंग ऑपर्च्युनिटीज, इमर्जिंग प्रायोरिटीज एंड पॉलिसी डायरेक्शंस’ शीर्षक वाली रिपोर्ट में कहा गया है कि, यह समझौता पारंपरिक व्यापार से आगे बढ़कर दीर्घकालिक आर्थिक एकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके जरिए नॉर्वे की पूंजी और उन्नत तकनीक को भारत की तेज आर्थिक वृद्धि और विनिर्माण महत्वाकांक्षाओं से जोड़ा जाएगा।
ओस्लो में आयोजित इंडिया-नॉर्डिक समिट के दौरान जारी इस रिपोर्ट में बताया गया कि, दोनों देशों के बीच अपतटीय पवन ऊर्जा, हाइड्रोजन, स्वचालित जहाज, मत्स्य पालन, हरित डेटा सेंटर और डिजिटल ढांचे जैसे क्षेत्रों में सहयोग की व्यापक संभावनाएं हैं। रिपोर्ट के अनुसार, मार्च 2024 में हस्ताक्षरित और अक्टूबर 2025 से प्रभावी होने वाला टीईपीए समझौता दोनों देशों के बीच सहयोग को मजबूत करने के लिए व्यापक ढांचा प्रदान करता है। ईवाई रिपोर्ट में कहा गया है कि, भारत की मजबूत आर्थिक स्थिति उसे दीर्घकालिक निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य बनाती है। वर्तमान में लगभग 3.9 ट्रिलियन डॉलर की जीडीपी के साथ भारत दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और 2030 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की संभावना है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि, नॉर्वे ऊर्जा, समुद्री उद्योग, टिकाऊ तकनीक और वैश्विक निवेश क्षमताओं के कारण भारत के लिए स्वाभाविक और पूरक साझेदार साबित हो सकता है। हरित ऊर्जा क्षेत्र में नॉर्वे की विशेषज्ञता अपतटीय पवन ऊर्जा, कार्बन कैप्चर और कम-कार्बन तेल एवं गैस तकनीकों में है, जो भारत की ऊर्जा सुरक्षा और स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों के अनुरूप है। वहीं समुद्री और शिपिंग क्षेत्र में नॉर्वे की स्वचालित जहाज तकनीक और हरित शिपिंग अनुभव को भारत के जहाज निर्माण और बंदरगाह ढांचे के साथ जोड़ा जा सकता है।
रिपोर्ट में समुद्री खाद्य और मत्स्य पालन क्षेत्र में भी सहयोग की संभावनाओं का उल्लेख किया गया है। नॉर्वे की आधुनिक मत्स्य तकनीक और कोल्ड-चेन विशेषज्ञता को आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु जैसे राज्यों के बड़े मत्स्य उद्योग से जोड़ा जा सकता है। डिजिटल अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित तकनीक, टिकाऊ डेटा सेंटर और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर में भी दोनों देशों के बीच साझेदारी की संभावनाएं बताई गई हैं।
ईवाई इंडिया के पार्टनर बिपिन सप्रा ने कहा कि, भारत अब नॉर्वे जैसे तकनीकी रूप से उन्नत देशों से रणनीतिक विदेशी निवेश आकर्षित करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। वहीं, अश्विन विश्वनाथन ने कहा कि टीईपीए समझौता दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाएगा। रिपोर्ट में निष्कर्ष निकाला गया कि मजबूत नीतिगत समर्थन, निवेश रोडमैप और विभिन्न क्षेत्रों में पूरक क्षमताएं भारत-नॉर्वे साझेदारी को दीर्घकालिक निवेश, नवाचार और आर्थिक विकास के लिए मजबूत आधार प्रदान करेंगी।


















