अबुजा : नाइजीरिया में गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) जैसे टाइप-2 डायबिटीज, उच्च रक्तचाप, मोटापा, स्ट्रोक, किडनी रोग और हृदय संबंधी बीमारियों में लगातार बढ़ोतरी के लिए अत्यधिक शर्करा युक्त पेयों के सेवन को जिम्मेदार ठहराया गया है। लागोस में आयोजित डॉक्यूमेंट्री स्वीट पॉइजन के मीडिया प्रदर्शन के दौरान कॉरपोरेट अकाउंटेबिलिटी एंड पब्लिक पार्टिसिपेशन अफ्रीका (CAPPA) के कार्यकारी निदेशक अकिनबोडे ओलुवाफेमी ने सरकार से शर्करा युक्त पेयों पर लगाए गए 10 नायरा प्रति लीटर टैक्स की समीक्षा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि, जब यह टैक्स लागू किया गया था, तब 50 लीटर की सॉफ्ट ड्रिंक बोतल की कीमत 100 नायरा थी, जबकि अब वही करीब 400 नायरा में बिक रही है।
ओलुवाफेमी ने कहा कि, आज शर्करा युक्त पेय नाइजीरिया के दैनिक जीवन का हिस्सा बन चुके हैं। ये घरों, स्कूलों, बाजारों, दफ्तरों और सामाजिक आयोजनों तक हर जगह मौजूद हैं। आक्रामक विज्ञापन, सेलिब्रिटी प्रचार और बड़े स्तर पर मार्केटिंग के जरिए कंपनियों ने इन उत्पादों को सामान्य बना दिया है, जिससे सार्वजनिक स्वास्थ्य संकट गहराता जा रहा है।ग्लोबल हेल्थ एडवोकेसी इन्क्यूबेटर (GHAI) के फूड पॉलिसी प्रोग्राम के क्षेत्रीय वरिष्ठ सलाहकार डॉ. अदेओलु अदेबियी ने कहा कि कैंसर और अन्य गैर-संचारी रोगों का बोझ लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने चिंता जताई कि बच्चों के लंच बॉक्स में भी शर्करा युक्त पेय स्टेटस सिंबल के रूप में रखे जा रहे हैं, जो भविष्य में गंभीर बीमारियों का कारण बन रहे हैं।
सस्टेनेबल रिसर्च एंड एक्शन फॉर एनवायरमेंटल डेवलपमेंट के कार्यकारी निदेशक डॉ. लेस्ली अडोगेम ने कहा कि, सरकार की सख्त नीतियां फिजी ड्रिंक्स के सेवन को नियंत्रित करने में प्रभावी साबित हो सकती हैं।नाइजीरियन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल रिसर्च (NIMR) के सैम एफेरारो ने सरकार से अपील की कि, एनसीडी से जुड़ी दवाओं पर टैक्स हटाया जाए और उन्हें सब्सिडी देकर सस्ता बनाया जाए ताकि मरीजों को राहत मिल सके।


















