वैश्विक संकट के बावजूद भारत ने ईंधन कीमतों और ऊर्जा आपूर्ति को रखा स्थिर : केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी

नई दिल्ली : केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि वैश्विक आपूर्ति संकट और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बावजूद भारत ने देशभर में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की और ईंधन कीमतों को स्थिर बनाए रखा। सीआईआई वार्षिक बिजनेस समिट 2026 को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि, भारत ने मजबूत नीतिगत समन्वय और प्रभावी आपूर्ति प्रबंधन के जरिए वैश्विक ऊर्जा संकट का सफलतापूर्वक सामना किया। उन्होंने कहा कि, दुनिया में भारी उतार-चढ़ाव के बावजूद 2022 से भारत में ईंधन की कीमतों में बड़े बदलाव नहीं हुए हैं। देश में कहीं भी पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की कमी की खबर सामने नहीं आई।

हरदीप पुरी ने बताया कि, भारत ने घरेलू एलपीजी उत्पादन को लगभग 36 हजार मीट्रिक टन प्रतिदिन से बढ़ाकर करीब 54 हजार मीट्रिक टन प्रतिदिन कर दिया है। इससे बढ़ती मांग के बीच आपूर्ति और कीमतों को स्थिर बनाए रखने में मदद मिली है।उन्होंने कहा कि, बाहरी संकटों से निपटने के लिए भारत ने पर्याप्त ऊर्जा भंडार भी तैयार किए हैं। वर्तमान में देश के पास लगभग 60 दिनों का कच्चे तेल का भंडार और 45 दिनों का एलपीजी स्टॉक उपलब्ध है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

वैश्विक ऊर्जा क्षेत्र में भारत की बढ़ती भूमिका पर जोर देते हुए मंत्री पुरी ने कहा कि, भारत की ऊर्जा कहानी केवल आयात तक सीमित नहीं है, बल्कि देश एक प्रमुख वैश्विक रिफाइनिंग हब के रूप में भी उभर रहा है। उन्होंने बताया कि, भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा रिफाइनिंग हब और पेट्रोलियम उत्पादों का चौथा सबसे बड़ा निर्यातक बन चुका है। देश की रिफाइनिंग क्षमता लगभग 260 मिलियन मीट्रिक टन प्रतिवर्ष तक पहुंच गई है।

ऊर्जा खोज और उत्पादन के क्षेत्र में सरकार द्वारा किए गए सुधारों का उल्लेख करते हुए मंत्री पुरी ने कहा कि, घरेलू हाइड्रोकार्बन उत्पादन बढ़ाने के लिए बड़े कदम उठाए गए हैं। भारत के पास 35 लाख वर्ग किलोमीटर के तलछटी बेसिन हैं और खोज गतिविधियों का दायरा 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत तक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि, पहले प्रतिबंधित रहे क्षेत्रों को अब खोज के लिए खोला गया है। ओपन एकरेज लाइसेंसिंग पॉलिसी (ओएएलपी) IX जैसी नीतियों के जरिए घरेलू और विदेशी निवेशकों को आकर्षित किया जा रहा है।

भविष्य की ऊर्जा संभावनाओं का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि अंडमान क्षेत्र में लगातार हाइड्रोकार्बन भंडार की संभावनाएं दिखाई दे रही हैं। “समुद्र मंथन” जैसी पहल गहरे समुद्र में ऊर्जा खोज को तेज करने में मदद करेंगी। उन्होंने ऑयलफील्ड्स (रेगुलेशन एंड डेवलपमेंट) संशोधन अधिनियम 2025 को बड़ा सुधार बताते हुए कहा कि इससे कारोबार करने में आसानी बढ़ी है और निजी निवेश को प्रोत्साहन मिला है।हरदीप पुरी ने उद्योगों से एलपीजी की जगह एलएनजी और पाइप गैस व्यवस्था अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि, पाइप गैस 15 से 20 प्रतिशत सस्ती होने के साथ-साथ अधिक स्वच्छ भी है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here