पटना: बिहार के गन्ना किसानों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य के गन्ना उद्योग विभाग की पहल पर चीनी मिलों ने किसानों से खरीदे गए गन्ने का 99.14 प्रतिशत भुगतान कर दिया है। विभाग के अनुसार शेष बकाया राशि का भुगतान भी जल्द सुनिश्चित किया जा रहा है। पेराई सत्र 2025-26 के दौरान राज्य की 10 संचालित चीनी मिलों ने किसानों से 572.66 लाख क्विंटल गन्ने की खरीद की। इसके एवज में किसानों को कुल 2,13,783.58 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाना था। गन्ना उद्योग विभाग के मुताबिक, अब तक किसानों को 2,11,481.43 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जो कुल देय राशि का 99.14 प्रतिशत है। बाकी बचे भुगतान को भी जल्द पूरा करने की प्रक्रिया जारी है।
विभाग ने बताया कि गन्ना खरीद शुरू होने के साथ ही सभी चीनी मिलों को किसानों का भुगतान समय पर करने के निर्देश दे दिए गए थे, ताकि किसानों को अपने गन्ने का पैसा बिना देरी मिल सके। इसके साथ ही विभाग लगातार चीनी मिलों की निगरानी करता रहा और किसानों को होने वाले भुगतान की समीक्षा की जाती रही। विभागीय अधिकारियों के अनुसार नियमित मॉनिटरिंग और मिल संचालकों की सक्रियता के चलते भुगतान प्रक्रिया तेज हुई और अधिकांश किसानों को उनका पैसा समय पर मिल सका। गन्ना उद्योग विभाग का कहना है कि किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए शेष बकाया भुगतान भी जल्द पूरा कराया जाएगा। इससे राज्य के लाखों गन्ना किसानों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और आगामी सीजन के लिए उन्हें राहत मिलेगी।


















