बिहार : हसनपुर चीनी मिल में किसानों की समस्याओं पर बैठक, जीएम ने समाधान का दिया भरोसा

बेगूसराय : मगध शुगर एंड एनर्जी मिल, हसनपुर में शुक्रवार को किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में हसनपुर, गढ़पुरा और छौड़ाही क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान, ईख काश्तकार संघ के प्रतिनिधि और मिल प्रबंधन के अधिकारी मौजूद रहे। किसानों ने गन्ना भुगतान, खाद-बीज सब्सिडी, सिंचाई, रकवा मापी और गन्ना तौल से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।बैठक में मिल के जीएम अशोक कुमार मित्तल ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी सभी समस्याओं का चरणबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा मिल प्रबंधन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक के दौरान किसानों ने गन्ना बीज भुगतान में देरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई किसान लंबे समय से भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। इस पर जीएम ने लंबित मामलों की समीक्षा कर जल्द भुगतान कराने का आश्वासन दिया। खाद और बीज पर मिलने वाली सब्सिडी में पारदर्शिता की मांग भी किसानों ने जोरदार तरीके से रखी। किसानों का कहना था कि योजनाओं का लाभ सभी पात्र किसानों तक समान रूप से पहुंचना चाहिए। जीएम ने कहा कि शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण खाद उपलब्धता प्रभावित हुई है, लेकिन समाधान के प्रयास जारी हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

सिंचाई सुविधा को लेकर किसानों ने बोरिंग और इलेक्ट्रिक मोटर पर सब्सिडी की मांग रखी। इसके अलावा रकवा मापी में गड़बड़ी और गन्ना तौल व्यवस्था में पारदर्शिता की कमी को लेकर भी किसानों ने सवाल उठाए। जीएम ने कहा कि सभी शिकायतों की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।बैठक में किसानों ने मिल परिसर में ईख काश्तकार संघ के लिए कार्यालय कक्ष उपलब्ध कराने की मांग भी रखी, जिस पर प्रबंधन ने सकारात्मक विचार का भरोसा दिया। प्रगतिशील किसान पूर्व मुखिया शिवचन्द्र यादव ने किसानों से संगठित और जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए।बैठक में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here