लौतोका: गन्ना किसानों के भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित और मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुगरकेन ग्रोअर्स फंड (SCGF) ने एक नई पहल शुरू की है। पिछले शुक्रवार लौतोका में स्पेशल सोशल सिक्योरिटी सेविंग्स स्कीम एंड इंश्योरेंस (5Si) का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर SCGF के अध्यक्ष मारिका लुवेनियाली ने कहा कि, यह योजना केवल एक वित्तीय उत्पाद नहीं, बल्कि किसानों के भविष्य को सुरक्षित करने और चीनी उद्योग को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
उन्होंने कहा कि, लंबे समय से किसान आर्थिक असुरक्षा, सीमित बचत और बीमा सुविधाओं की कमी जैसी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। नई योजना इन समस्याओं का समाधान करने के लिए लाई गई है। इस स्वैच्छिक बचत योजना के तहत गन्ना बिक्री से मिलने वाली राशि में से कुछ हिस्सा स्वतः बचत खाते में जमा होगा। इससे किसानों को भविष्य के लिए बचत करने में मदद मिलेगी, जमा राशि पर ब्याज का लाभ मिलेगा, घर बनाने और बच्चों की शिक्षा के लिए ऋण लेने की क्षमता बढ़ेगी और बीमा सुरक्षा का लाभ मिलेगा। यह योजना फिजी नेशनल प्रोविडेंट फंड (FNPF) के साथ साझेदारी में शुरू की गई है।
SCGF ने किसानों के लिए आने वाले समय में कई और योजनाओं की भी घोषणा की है, जिनमें, मोबाइल वॉलेट MyCash और M-Paisa के जरिए विशेष रिवॉल्विंग लोन सुविधा, जिसकी शुरुआत सितंबर 2026 तक हो सकती है।ऑनलाइन डॉक्यूमेंट मैनेजमेंट सिस्टम और AI आधारित चैटबॉट, किसानों के लिए मेडिकल इंश्योरेंस विकल्पों की तैयारी और सेवा और कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का अधिक उपयोग शामिल है।
मारिका लुवेनियाली ने कहा कि, यह पहल आज की आर्थिक चुनौतियों से निपटने के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए मजबूत आधार तैयार करेगी। संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) और यूनाइटेड नेशंस कैपिटल डेवलपमेंट फंड (UNCDF) ने भी इस योजना को किसानों की आर्थिक और जलवायु चुनौतियों से निपटने के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया।


















