मुंबई: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह बुधवार को नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर महाराष्ट्र के प्याज उत्पादक किसानों और सहकारी चीनी उद्योग के सामने खड़े संकट को लेकर अहम बैठक करेंगे। बैठक शाम 5 बजे आयोजित होगी। बैठक में देवेन्द्र फड़णवीस, एकनाथ शिंदे, सुनेत्रा पवार समेत राज्य सरकार के वरिष्ठ मंत्री, विधायक और सहकारी चीनी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे। महाराष्ट्र में इस समय प्याज किसान भारी आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। अच्छी पैदावार के बावजूद मंडियों में प्याज के दाम उत्पादन लागत से भी नीचे चले गए हैं। नासिक, छत्रपति संभाजीनगर और मराठवाड़ा के कई इलाकों में किसानों को अपनी उपज बेहद कम कीमत पर बेचनी पड़ रही है।
दूसरी ओर महाराष्ट्र का सहकारी चीनी उद्योग भी दबाव में है। राज्य ने 2025-26 सीजन में देश में सबसे ज्यादा चीनी उत्पादन किया, लेकिन चीनी निर्यात पर रोक और बढ़ती लागत के कारण उद्योग संकट झेल रहा है। चीनी मिलों का कहना है कि, गन्ना किसानों के लिए एफआरपी 365 रुपये प्रति क्विंटल कर दी गई है, लेकिन चीनी का न्यूनतम विक्रय मूल्य 31 रुपये प्रति किलो पर ही स्थिर है। जबकि उत्पादन लागत बढ़कर 41.72 रुपये प्रति किलो तक पहुंच चुकी है।महाराष्ट्र में मई 2026 तक 83 चीनी मिलों पर किसानों का 934 करोड़ रुपये बकाया बताया जा रहा है। इससे गन्ना किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। सरकारी सूत्रों का कहना है कि, प्याज और चीनी—दोनों क्षेत्रों में लागत बढ़ने और व्यापारिक नीतियों के दबाव ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर भारी असर डाला है। ऐसे में किसानों और सहकारी उद्योग को राहत देने के लिए केंद्र से बड़े पैकेज की उम्मीद की जा रही है।


















