डरबन: की सबसे पुरानी चीनी कंपनी टोंगाट हुलेट पर मंडरा रहे परिसमापन (Liquidation) के खतरे के बीच गन्ना किसानों ने कंपनी को बचाने के लिए मदद की अपील की है। ग्रोवरको (GrowerCo) में छोटे, मध्यम और बड़े स्तर के कई गन्ना उत्पादक शामिल हैं, जो क्वाज़ुलू-नटाल के उत्तरी तट पर स्थित टोंगाट हुलेट की तीन चीनी मिलों को गन्ना आपूर्ति करते हैं। कंपनी के स्वैच्छिक बिजनेस रेस्क्यू में जाने के बाद 2022 के अंत में ग्रोवरको की स्थापना की गई थी, ताकि जरूरत पड़ने पर टोंगाट हुलेट का अधिग्रहण किया जा सके। उम्मीद तब जगी जब दक्षिण अफ्रीकी उद्योगपति रॉबर्ट गुमेडे के नेतृत्व वाले विजन कंसोर्टियम को पसंदीदा बोलीदाता चुना गया। लेकिन कानूनी विवादों के चलते इस साल की शुरुआत में विजन की बिजनेस रेस्क्यू योजना समाप्त हो गई। इसके बाद टोंगाट हुलेट के बिजनेस रेस्क्यू प्रबंधकों को 134 साल पुरानी कंपनी के अस्थायी परिसमापन के लिए आवेदन करना पड़ा।
राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा से लेकर जमीनी स्तर के गन्ना किसानों तक सभी इस संकट को लेकर चिंतित हैं। हाल ही में इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (IDC) से मिले 20 करोड़ रैंड के आपातकालीन ऋण की मदद से ही कंपनी 2026-27 के क्रशिंग सीजन के लिए जरूरी ऑफ-सीजन रखरखाव पूरा कर सकी।डरबन हाई कोर्ट में अभी भी कंपनी के परिसमापन के पक्ष और विपक्ष में सुनवाई जारी है। ग्रोवरको ने अपने बयान में कहा कि, अगली सुनवाई में एक महीने से भी कम समय बचा है और कंपनी को परिसमापन से बचाने का कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है। ऐसे में वह टोंगाट हुलेट की मिलों और रिफाइनरी को चालू रखने के लिए जरूरी फंड जुटाने की कोशिश कर रहा है। उनका कहना है कि यदि मिलें बंद हुईं तो चीनी उद्योग का बड़ा हिस्सा प्रभावित हो सकता है।
ग्रोवरको का अनुमान है कि, टोंगाट हुलेट शुगर साउथ अफ्रीका को चालू कंपनी के रूप में खरीदने के लिए 3 से 4.5 अरब रैंड तक जुटाए जा सकते हैं। जबकि अगर कंपनी परिसमापन में जाती है तो केवल लगभग 1 अरब रैंड की ही वसूली संभव होगी। गन्ना उत्पादक निकोलस न्गोबे ने कहा कि, यदि ग्रोवरको कंपनी का अधिग्रहण करता है, तो यह ऐतिहासिक अवसर होगा—जहां आज अपनी जमीन पर खेती करने वाला किसान, जिसके पूर्वज कभी गन्ने के खेतों में मजदूर रहे होंगे, दक्षिण अफ्रीका की सबसे पुरानी चीनी कंपनियों में से एक का मालिक बन सकता है। गन्ना किसान और ग्रोवरको सदस्य प्रतिश शर्मा ने कहा कि यह एक ऐसा साझा प्रयास है जिसका उद्देश्य टोंगाट हुलेट को परिसमापन से बचाना और उसकी चीनी गतिविधियों को जारी रखना है।
उन्होंने कहा, यह योजना उन लोगों ने तैयार की है जो गन्ना उगाते हैं, मिलों को चलाते हैं और इस उद्योग पर निर्भर हैं।यह दीर्घकालिक निवेश और पुनर्निवेश के मॉडल पर आधारित है। ग्रोवरको छोटे किसानों को स्वामित्व का हिस्सा देकर दक्षिण अफ्रीका में वास्तविक बदलाव का प्रतीक बन सकता है। ग्रोवरको को उम्मीद है कि, उद्योग संगठनों, निजी और सरकारी साझेदारों तथा आम लोगों के सहयोग से उसे अदालत और बिजनेस रेस्क्यू प्रबंधकों से टोंगाट हुलेट के अधिग्रहण का अवसर मिलेगा।


















