दक्षिण अफ्रीका : चीनी उद्योग ने घटती बिक्री पर जताई चिंता, स्थानीय खरीद समझौते के उल्लंघन का आरोप

जोहान्सबर्ग: दक्षिण अफ्रीका के गन्ना उत्पादकों के संगठन एसए कैनग्रोअर्स (SA Canegrowers) ने घरेलू चीनी बिक्री में गिरावट को लेकर चिंता जताई है। संगठन का आरोप है कि, खुदरा विक्रेता और खाद्य एवं पेय पदार्थ निर्माता सरकार समर्थित उस प्रतिबद्धता का पालन नहीं कर रहे हैं, जिसके तहत उन्हें अपनी चीनी जरूरतों का 95 प्रतिशत स्थानीय उत्पादकों से खरीदना था। बिजनेस डे की रिपोर्ट के अनुसार, संगठन ने यह चिंता व्यक्त की है।

एसए कैनग्रोअर्स के मुताबिक, पर्याप्त घरेलू उत्पादन होने के बावजूद इस सीजन में चीनी की घरेलू बिक्री घटकर 4,33,380 टन रह गई है, जो 2023-24 में 6,26,417 टन थी। संगठन ने बिक्री में गिरावट के लिए आयातित चीनी की लगातार खरीद को जिम्मेदार ठहराया है। इसमें पड़ोसी देश एस्वातिनी के अलावा भारत, ब्राजील और थाईलैंड जैसे प्रमुख चीनी उत्पादक देशों से आने वाली चीनी भी शामिल है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

एसए कैनग्रोअर्स के अध्यक्ष हिगिंस मडुली ने कहा कि, शुगर मास्टरप्लान के तहत स्थानीय खरीद की प्रतिबद्धता का उद्देश्य दक्षिण अफ्रीका के चीनी उत्पादकों, रोजगार और स्थानीय समुदायों को समर्थन देना था। मडुली ने कहा कि, जब खुदरा विक्रेताओं ने मास्टरप्लान पर हस्ताक्षर किए थे, तब उनकी प्रतिबद्धता केवल भारत, ब्राजील और थाईलैंड जैसे देशों से समुद्री मार्ग के जरिए आने वाली आयातित चीनी से बचने तक सीमित नहीं थी। उन्होंने कहा कि यह प्रतिबद्धता दक्षिण अफ्रीकी चीनी, दक्षिण अफ्रीकी रोजगार और स्थानीय आर्थिक बदलाव को समर्थन देने की थी।

स्थानीय उत्पादकों की यह चिंता ऐसे समय सामने आई है, जब दक्षिण अफ्रीका का चीनी उद्योग उत्पादन लागत और आयातित चीनी से बढ़ती प्रतिस्पर्धा के दबाव का सामना कर रहा है। गन्ना उत्पादकों ने उर्वरक, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर भी चिंता जताई है। दक्षिण अफ्रीका के उप व्यापार, उद्योग एवं प्रतिस्पर्धा मंत्री जुको गोडलिम्पी ने हाल ही में क्वाज़ुलु-नटाल में गन्ना उत्पादकों से मुलाकात की थी। इसके बाद विभाग ने कहा कि सरकार टैरिफ संबंधी उपायों सहित विभिन्न माध्यमों से चीनी उद्योग को समर्थन देना जारी रखेगी।

दक्षिण अफ्रीका के चीनी उद्योग और अन्य हितधारकों ने अप्रैल में शुगर मास्टरप्लान के दूसरे चरण पर हस्ताक्षर किए। यह 2020 में शुरू किए गए शुरुआती समझौते का विस्तार है। मास्टरप्लान के दूसरे चरण में चीनी उद्योग में विविधता लाने और दीर्घकालिक स्थिरता को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है। इसके तहत उद्योग को उसके पारंपरिक कृषि आधार से आगे बढ़ाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here