नई दिल्ली: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने घोषणा की है कि मारुति सुजुकी 5 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दिल्ली में एक विशेष कार्यक्रम के दौरान E100 फ्लेक्स-फ्यूल वाहन लॉन्च कर सकती है। नागपुर में 19वें रोजगार मेले को संबोधित करते हुए गडकरी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि, सरकार हरित ईंधन को बढ़ावा देने और कच्चे तेल के आयात पर भारत की निर्भरता कम करने के लिए लगातार काम कर रही है।मंत्री गडकरी के अनुसार, यह वाहन 100 प्रतिशत एथेनॉल (E100) तक पर चलने में सक्षम होगा। उन्होंने कहा कि, इससे भारतीय उपभोक्ताओं को सस्ता, प्रदूषण-मुक्त और स्वदेशी ईंधन का विकल्प मिलेगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह भारत में बिक्री के लिए आने वाला पहला चार पहिया फ्लेक्स-फ्यूल वाहन होगा, जिसमें उच्च एथेनॉल मिश्रण को संभालने के लिए विशेष फ्यूल स्टोरेज, फ्यूल सप्लाई और इग्निशन सिस्टम लगाया जाएगा।इससे पहले सुजुकी ने टोक्यो में आयोजित जापान मोबिलिटी शो 2025 में अपनी मारुति सुजुकी Fronx का फ्लेक्स-फ्यूल संस्करण पेश किया था, लेकिन वह केवल E85 (85 प्रतिशत एथेनॉल) तक के मिश्रण पर चल सकता था। माना जा रहा है कि, पर्यावरण दिवस पर लॉन्च होने वाला नया मॉडल इससे अलग हो सकता है।
गडकरी ने बताया कि, अब तक लगभग 12 कंपनियां—जिनमें टोयोटा, टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा और मारुति सुजुकी शामिल हैं—फ्लेक्स-फ्यूल वाहन पेश कर चुकी हैं। वहीं हौंडा और सुजुकी के एथेनॉल आधारित दोपहिया वाहन भी बाजार में आ चुके हैं।मंत्री ने कहा कि, भारत अपनी पेट्रोल, डीजल और गैस की करीब 87 प्रतिशत जरूरत आयात के जरिए पूरी करता है। ऐसे में घरेलू स्तर पर उत्पादित बायोफ्यूल की ओर बढ़ना आर्थिक और पर्यावरणीय दोनों दृष्टि से जरूरी है।
साथ ही भारत में E20 पेट्रोल पहले ही मानकीकृत किया जा चुका है और भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने E22, E25, E27 और E30 ईंधन मिश्रणों के लिए भी मानक जारी किए हैं। इससे साफ है कि सरकार पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा धीरे-धीरे बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।विशेषज्ञों का मानना है कि एथेनॉल ब्लेंडिंग के विस्तार से देश के कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और भारत ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में और मजबूत होगा।


















