2033 तक 157.16 अरब डॉलर तक पहुंचेगा वैश्विक एथेनॉल बाजार, नॉर्थ अमेरिका की हिस्सेदारी सबसे अधिक

नई दिल्ली: वैश्विक एथेनॉल बाजार आने वाले वर्षों में तेज़ी से बढ़ने की उम्मीद है। एक नई रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025 में एथेनॉल बाजार का आकार 101.48 अरब अमेरिकी डॉलर आंका गया है, जो 2033 तक बढ़कर 157.16 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच सकता है। 2026 से 2033 के बीच इसके लगभग 4.92% वार्षिक वृद्धि दर (CAGR) से बढ़ने का अनुमान है। रिपोर्ट के मुताबिक, नवीकरणीय ईंधन की बढ़ती मांग, बायोफ्यूल ब्लेंडिंग को बढ़ावा देने वाली सरकारी नीतियां और ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन कम करने के प्रयास एथेनॉल बाजार की वृद्धि के प्रमुख कारण हैं। परिवहन और औद्योगिक क्षेत्रों में एथेनॉल को पारंपरिक जीवाश्म ईंधन के स्वच्छ विकल्प के रूप में तेजी से अपनाया जा रहा है।

ओपन पीआर में प्रकाशित खबर के अनुसार, एथेनॉल कम कार्बन उत्सर्जन, बायोडिग्रेडेबल प्रकृति और मौजूदा ईंधन ढांचे के साथ बेहतर अनुकूलता के कारण खास महत्व हासिल कर रहा है। ऑटोमोबाइल उद्योग के विस्तार, E10 और E15 ईंधन मिश्रणों के बढ़ते उपयोग और स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं में निवेश से भी बाजार को मजबूती मिल रही है।इसके अलावा एथेनॉल का उपयोग अब फार्मास्यूटिकल्स, अल्कोहल पेय पदार्थ, कॉस्मेटिक्स, केमिकल्स और इंडस्ट्रियल सॉल्वेंट्स जैसे क्षेत्रों में भी तेजी से बढ़ रहा है, जिससे विकसित और उभरती अर्थव्यवस्थाओं में दीर्घकालिक अवसर बन रहे हैं।दूसरी पीढ़ी के एथेनॉल उत्पादन, वेस्ट-बेस्ड बायोफ्यूल तकनीक और एथेनॉल-टू-सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) परियोजनाओं में प्रगति से भी बाजार को नया बल मिल रहा है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

हाल ही में कई बड़े निवेश और साझेदारियों ने इस क्षेत्र को नई दिशा दी है। हनीवेल इंटरनेशनल ने भारत में ट्रूऑल्ट बायोएनर्जी के साथ मिलकर एथेनॉल आधारित 80,000 टन प्रति वर्ष क्षमता वाले सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल प्लांट की घोषणा की है।वहीं प्राज इंडस्ट्रीज ने अपनी इंटीग्रेटेड एथेनॉल-टू-जेट तकनीक का सफल प्रदर्शन किया है, जिससे विमानन ईंधन के रूप में एथेनॉल की व्यावसायिक संभावनाएं और मजबूत हुई हैं।सिंगापुर में केपेल लिमिटेड और एस्टर एशिया के शुरुआती बड़े एथेनॉल-टू-जेट फ्यूल प्लांट की संभावनाओं पर काम कर रहे हैं। इसकी वार्षिक क्षमता 1 लाख टन SAF प्रस्तावित है।

भारत में भी एथेनॉल क्षेत्र में बड़े निवेश देखने को मिल रहे हैं। एनटीपीसी आंध्र प्रदेश में एथेनॉल आधारित जेट फ्यूल परियोजना पर काम कर रही है, जिसे भारत की पहली व्यावसायिक SAF सुविधा माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि, कम-कार्बन परिवहन ईंधन, टिकाऊ विमानन ईंधन और नवीकरणीय औद्योगिक कच्चे माल की बढ़ती मांग आने वाले वर्षों में वैश्विक एथेनॉल बाजार को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here