महाराष्ट्र: बकाया गन्ना भुगतान की मांग को लेकर महिला आंदोलनकारियों को भी सड़क पर बितानी पड़ी रात

सोलापुर: महाराष्ट्र के सोलापुर में बकाया गन्ना भुगतान को लेकर किसानों का आंदोलन तेज हो गया है। हालात ऐसे बन गए कि किसानों के साथ उनके परिवार की महिलाओं को भी सड़क पर उतरना पड़ा और जिला परिषद कार्यालय के सामने रात गुजारनी पड़ी। किसानों का आरोप है कि, गोकुल शुगर मिल ने उनका करीब 130 करोड़ रुपये का भुगतान अब तक नहीं किया है।

धाराशिव और सोलापुर जिले के किसान सोमवार से जिला परिषद कार्यालय के सामने धरने पर बैठे हैं। प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि, दक्षिण सोलापुर के धोत्री स्थित गोकुल शुगर निजी चीनी मिल ने चालू सीजन में गन्ने की पेराई तो की, लेकिन किसानों का भुगतान अब तक नहीं किया गया। जानकारी के मुताबिक मिल ने पेराई सीजन में करीब साढ़े तीन लाख टन गन्ने की खरीद और पेराई की, लेकिन हजारों किसानों को उनकी फसल का पैसा नहीं मिला। इससे नाराज किसानों ने आंदोलन शुरू कर दिया है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

किसानों ने बताया कि, गन्ने की खेती में भारी मेहनत, सिंचाई, बढ़ती खाद कीमतें, मजदूरी खर्च, बिजली संकट और कर्ज का बोझ झेलने के बाद फसल तैयार होती है। लेकिन समय पर भुगतान नहीं मिलने से किसान आर्थिक संकट में फंस गए हैं।मंगलवार को आंदोलन उस समय और उग्र हो गया जब प्रदर्शनकारी किसानों ने पुलिस पर अपमानजनक व्यवहार का आरोप लगाया। इसके बाद नाराज किसान मुख्य सड़क पर बैठ गए और विरोध तेज कर दिया।इस आंदोलन में बड़ी संख्या में महिला किसान भी शामिल हुईं। कई महिलाओं ने बताया कि, परिवार की आर्थिक हालत खराब होने के कारण उन्हें भी घर से निकलकर आंदोलन में शामिल होना पड़ा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए दक्षिण सोलापुर के तहसीलदार किरण जमदाडे आंदोलन स्थल पहुंचे और किसानों से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि, बकाया गन्ना भुगतान के लिए आरआरसी प्रक्रिया के तहत जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी। तहसील प्रशासन ने यह भी बताया कि पिछले वर्ष आरआरसी कार्रवाई के जरिए किसानों को करीब 98 करोड़ रुपये की वसूली कराकर दिलाई गई थी। प्रशासन के आश्वासन के बाद आंदोलन कुछ शांत हुआ, लेकिन किसानों ने स्पष्ट किया है कि भुगतान मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here