बिहार : गन्ना किसान पंजीकरण हेतु विशेष शिविर आयोजित, 2 जून तक मिलेगी सुविधा

बेगूसराय: हसनपुर शुगर मिल के गन्ना विभाग कार्यालय परिसर में बुधवार को गन्ना किसान पंजीकरण के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में भारत सरकार और बिहार सरकार के गन्ना उद्योग विभाग के निर्देशानुसार किसानों को किसान रजिस्ट्रेशन और गन्ना किसान पंजीकरण की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। चीनी मिल के कार्यपालक अध्यक्ष अशोक कुमार मित्तल ने बताया कि, यह विशेष शिविर बुधवार से शुरू होकर 2 जून तक संचालित किया जाएगा। वहीं, चीनी मिल के महाप्रबंधक (गन्ना) अरुण कुमार श्रीवास्तव ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, जमीन की रसीद, बैंक पासबुक और किसान रजिस्ट्रेशन नंबर साथ लाना अनिवार्य है।

उप महाप्रबंधक (गन्ना) राम शंकर प्रसाद ने किसानों से कहा कि, सभी किसान समय पर शिविर में पहुंचकर अपना पंजीकरण जरूर कराएं। उन्होंने बताया कि पंजीकरण नहीं होने की स्थिति में किसानों को बिहार सरकार के गन्ना उद्योग विभाग द्वारा दी जाने वाली अनुदान और अन्य लाभकारी योजनाओं का फायदा नहीं मिल सकेगा। सहायक प्रबंधक (गन्ना) राम कृष्ण प्रसाद ने जानकारी दी कि रविवार को छोड़कर सभी कार्य दिवसों में यह सुविधा सुबह 8:30 बजे से शाम 5 बजे तक उपलब्ध रहेगी। इस मौके पर दीपक कुमार, अमित कुमार राय, सोनू कुमार, गौरव कुमार सिंह और वीर कुमार सहित कई लोग उपस्थित रहे।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here