गन्ना मजदूर परिवारों की बेटियों की सुरक्षा के लिए सरकार का बड़ा फैसला, 4 महीने बालगृह में रखा जाएगा : मंत्री आदिती तटकरे

मुंबई (महाराष्ट्र) : महाराष्ट्र सरकार ने गन्ना कटाई के लिए पलायन करने वाले मजदूर परिवारों की बेटियों की सुरक्षा और शिक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाने की तैयारी की है। महिला एवं बाल विकास मंत्री आदिती तटकरे ने बताया कि, गन्ना कटाई के लिए बाहर जाने वाले परिवारों की बेटियों को चार महीने के लिए बालगृह में रखने का निर्णय लिया जा रहा है।इसका उद्देश्य बाल विवाह की बढ़ती घटनाओं को रोकना और बच्चियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।

मंत्रालय में एकीकृत बाल विकास सेवा योजना और राज्य महिला आयोग के कामकाज की समीक्षा बैठक के दौरान तटकरे ने कहा कि, गन्ना कटाई के मौसम में बड़ी संख्या में परिवारों का पलायन होता है। इस दौरान कई लड़कियां पढ़ाई से दूर हो जाती हैं और कुछ मामलों में कम उम्र में उनकी शादी भी कर दी जाती है। सरकार अब ऐसी बच्चियों को सुरक्षित वातावरण देने के लिए उन्हें अस्थायी रूप से बालगृह में रखने की योजना बना रही है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने कहा कि, इस पहल से बच्चियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। सरकार इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर रही है, ताकि गन्ना मजदूर परिवारों की बेटियों को बेहतर संरक्षण मिल सके। आदिती तटकरे ने विभागीय कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आयुक्त कार्यालय के नवीनीकरण, कंप्यूटर खरीद और लक्ष्य आधारित योजनाओं पर जोर देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि, महिलाओं और बच्चों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ जरूरतमंद और वंचित वर्ग तक प्रभावी तरीके से पहुंचना चाहिए।

उन्होंने राज्य महिला आयोग के कार्यक्षेत्र को मजबूत करने के लिए बजट बढ़ाए जाने की भी जानकारी दी। साथ ही आषाढ़ी वारी के दौरान महिलाओं के लिए विशेष जागरूकता और सहायता कार्यक्रम चलाने की योजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में कुपोषण के मुद्दे पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। राज्य के 12 आदिवासी जिलों में गंभीर कुपोषण से पीड़ित बच्चों का अध्ययन कर 6 महीने का विशेष पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा। विशेषज्ञों की मदद से इस पर ठोस उपाय तय किए जाएंगे। सरकार का मानना है कि, इन कदमों से न सिर्फ बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि उनका भविष्य भी अधिक सुरक्षित और सशक्त बन सकेगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here