मांड्या: कर्नाटक की एकमात्र सरकारी स्वामित्व वाली चीनी मिल मायशुगर (MySugar) में सोमवार को गन्ने और कटाई मजदूरों की कमी के कारण गन्ना पेराई का काम बंद कर दिया गया। इसके अलावा, मिल में नया बॉयलिंग हाउस (गन्ना रस उबालने वाला संयंत्र) बनाने की आवश्यकता भी पेराई बंद करने का एक कारण बताई गई है। इस सीजन में फैक्ट्री ने 4.6 लाख टन गन्ने की खरीद का अनुबंध किया था, लेकिन परिचालन बंद होने से पहले केवल लगभग 2.1 लाख टन गन्ने की ही पेराई हो सकी। यह निर्धारित लक्ष्य के आधे से भी कम है।
मायशुगर के चेयरमैन सीडी गंगाधर ने उन आरोपों को खारिज किया कि, बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के अचानक पेराई बंद कर दी गई। उन्होंने कहा कि, इस फैसले से पहले किसान संगठनों के साथ चर्चा की गई थी और मीडिया के माध्यम से एक सप्ताह पहले ही इसकी जानकारी दे दी गई थी। गंगाधर के अनुसार, फैक्ट्री की प्रतिदिन 2,500 से 3,000 टन गन्ना पेराई करने की क्षमता है, लेकिन उसे एक दिन छोड़कर केवल 200 से 300 टन गन्ना ही मिल रहा था। इतनी कम मात्रा में गन्ना मिलने के कारण फैक्ट्री का संचालन आर्थिक रूप से व्यवहार्य नहीं रह गया था।
उन्होंने बताया कि, उत्तर कर्नाटक की निजी चीनी मिलों में पेराई शुरू होने के बाद गन्ने की कटाई करने वाले कई मजदूर वहां चले गए हैं। इसके चलते मैसुगार में मजदूरों की भारी कमी हो गई। गंगाधर ने बताया कि, अब केवल लगभग 10,000 से 15,000 टन गन्ने की खरीद बाकी है, क्योंकि अनुबंध करने वाले कई किसानों ने अपना गन्ना निजी चीनी मिलों को भेज दिया है। उन्होंने कहा कि, फैक्ट्री में 20 जुलाई को गन्ना पेराई शुरू हुई थी और अब तक लगभग 2.1 लाख टन गन्ने की पेराई की जा चुकी है। शेष गन्ने की खरीद नजदीकी निजी चीनी मिलों के माध्यम से की जाएगी।

















