अबुजा : राष्ट्रीय चीनी विकास परिषद (NSDC) के कार्यकारी सचिव और मुख्य कार्यकारी अधिकारी कमर बकरिन ने कहा कि, यदि राष्ट्रीय चीनी मास्टर प्लान-2 को पूरी तरह लागू किया जाता है, तो देश के चीनी उद्योग के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 7.5 लाख अप्रत्यक्ष और 2.5 लाख प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं। बकरिन ने यह बात अबुजा स्थित कस्टम मुख्यालय में राष्ट्रीय चीनी विकास परिषद और नाइजीरिया कस्टम सेवा के बीच हुई रणनीतिक बैठक के दौरान कही। बैठक में चीनी उद्योग सुधार से जुड़ी नीतियों, समन्वय और क्रियान्वयन के ढांचे पर चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि, नाइजीरिया हर साल एक अरब डॉलर से अधिक मूल्य की चीनी आयात करता है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था पर बड़ा बोझ पड़ता है। अगर इस खर्च को घरेलू चीनी उत्पादन की ओर मोड़ा जाए, तो इससे उद्योग, रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिल सकती है। बकरिन ने कहा कि, चीनी उद्योग सिर्फ उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक एकीकृत कृषि-औद्योगिक प्रणाली है, जिसमें ऊर्जा उत्पादन और ग्रामीण विकास की भी बड़ी संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि बड़े चीनी एस्टेट न सिर्फ चीनी उत्पादन करेंगे, बल्कि अपनी जरूरत की बिजली भी खुद पैदा कर सकेंगे।
बकरिन ने कहा कि चीनी उद्योग के विकास से ग्रामीण युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा होंगे, जिससे बेरोजगारी कम होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा की स्थिति भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि जहां बड़े चीनी प्रोजेक्ट होते हैं, वहां रोजगार के अवसर बढ़ने से सामाजिक अस्थिरता और अशांति में कमी आती है। उन्होंने यह भी बताया कि नाइजीरिया में चीनी खेती के लिए 10 लाख हेक्टेयर से अधिक उपयुक्त भूमि उपलब्ध है। ऐसे में यह क्षेत्र ग्रामीण औद्योगिकीकरण और आर्थिक विविधीकरण का मजबूत आधार बन सकता है।


















