महाराष्ट्र : उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने चीनी मिलों से आधुनिकीकरण और विविधीकरण का किया आह्वान

पुणे : उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए किसानों और चीनी सहकारी समितियों से आधुनिक तकनीक अपनाने, परिचालन खर्च कम करने और कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का आह्वान किया है। वह सोमेश्वरनगर स्थित सोमेश्वर सहकारी चीनी मिल में आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। यह जानकारी ‘इंडियन कोऑपरेटिव’ की रिपोर्ट में दी गई है। सुनेत्रा पवार ने कहा कि, बदलते मौसम, बढ़ती कृषि लागत और बाजार की अनिश्चित परिस्थितियों को देखते हुए कृषि तथा चीनी उद्योग को समय के साथ अपनी कार्यप्रणाली में बदलाव करना बेहद जरूरी है।

चीनी उत्पादन से आगे बढ़ने की जरूरत

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने कहा कि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को अधिक मजबूत और टिकाऊ बनाने के लिए चीनी सहकारी समितियों को पारंपरिक चीनी उत्पादन तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्हें एथेनॉल, बायोगैस, सीएनजी और जैविक उर्वरक जैसे मूल्यवर्धित उत्पादों के क्षेत्र में विविधीकरण करना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि, किसानों का कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए सहकारी समितियों को बेहतर और सटीक योजना, आधुनिक तकनीक तथा टिकाऊ उत्पादन पद्धतियों को अपनाने की जरूरत है।

सोमेश्वर सहकारी चीनी मिल की सराहना

सुनेत्रा पवार ने सोमेश्वर सहकारी चीनी कारखाने की वित्तीय अनुशासन, प्रभावी प्रबंधन और गन्ना उत्पादक किसानों के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कहा कि कारखाने की सफलता के पीछे उसके सदस्यों, गन्ना किसानों, कर्मचारियों, अधिकारियों और कार्यकारी टीम के सामूहिक प्रयास महत्वपूर्ण हैं।

सामाजिक क्षेत्र में सहकारी क्षेत्र का योगदान

उपमुख्यमंत्री ने सामाजिक विकास में सहकारी क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाएं केवल कृषि और चीनी उद्योग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक विकास, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। कार्यक्रम में मंत्री मकरंद जाधव पाटील, विधायक सचिन पाटील, पूर्व विधायक संभाजी कुंभार, पीडीसीसी बैंक के अध्यक्ष डॉ. दिगंबर दुर्गाडे और कारखाने के अध्यक्ष पुरुषोत्तम जगताप सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here