इस्लामाबाद: पाकिस्तान शुगर मिल्स असोसिएशन ने उप प्रधानमंत्री को एक औपचारिक पत्र लिखकर 2025–26 पेराई सत्र के दौरान देश में चीनी उत्पादन में भारी अधिशेष होने की जानकारी दी है। पत्र के अनुसार, चीनी उद्योग ने घरेलू जरूरत से अधिक चीनी का उत्पादन कर लिया है। एक महीने का रणनीतिक भंडार सुरक्षित रखने के बाद भी पाकिस्तान में लगभग 7.5 लाख मीट्रिक टन अतिरिक्त चीनी स्टॉक बचने का अनुमान है। संगठन के अनुसार, इस अतिरिक्त चीनी के निर्यात से करीब 500 मिलियन डॉलर की विदेशी मुद्रा आय हो सकती है। इससे मौजूदा आर्थिक दबाव के बीच पाकिस्तान के विदेशी मुद्रा भंडार को सहारा मिल सकता है।
पीएसएमए के चेयरमैन चौधरी ज़का अशरफ़ ने कहा कि, देश में चीनी की मौजूदा कीमतें उत्पादन लागत से नीचे चल रही हैं, जिससे चीनी मिलों पर वित्तीय दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि, बड़े स्तर पर स्टॉक बनाए रखने की वजह से उद्योग में नकदी संकट की स्थिति पैदा हो रही है। पीएसएमए ने यह भी चेतावनी दी है कि, आने वाले पेराई सीजन में गन्ने की रिकॉर्ड फसल होने की संभावना है। अगर समय रहते निर्यात की अनुमति नहीं दी गई तो अतिरिक्त चीनी का भंडार और बढ़ सकता है।
पीएसएमए ने सरकार से मांग की है कि कैबिनेट समिति की जल्द बैठक बुलाई जाए और उद्योग प्रतिनिधियों को भी उसमें शामिल किया जाए, ताकि समय पर निर्यात नीति तैयार कर चीनी क्षेत्र को स्थिर किया जा सके। पाकिस्तान का चीनी उद्योग लंबे समय से उत्पादन में उतार-चढ़ाव, मूल्य नियंत्रण और निर्यात नीतियों के कारण कभी अधिशेष तो कभी कमी जैसी स्थितियों का सामना करता रहा है।
चीनी उद्योग से जुड़े लोगों का मानना है कि, अधिशेष के समय समय पर निर्यात की अनुमति मिलने से कीमतें संतुलित रहती हैं, भंडारण का दबाव कम होता है और किसानों को भुगतान बेहतर तरीके से हो पाता है। हालांकि, सरकार को अक्सर घरेलू महंगाई और निर्यात अवसरों के बीच संतुलन बनाकर निर्णय लेना पड़ता है।


















