बेलीज और सैंटेंडर चीनी उद्योग ने चीनी आपूर्ति मजबूत करने के लिए मिलाया हाथ

बेलमोपन : कैरेबियाई क्षेत्र में रिफाइंड चीनी की आपूर्ति को मजबूत करने और बाहरी देशों पर निर्भरता कम करने की दिशा में बेलीज ने एक नई चीनी रिफाइनरी शुरू की है। इस रिफाइनरी का उद्देश्य कैरेबियन कम्युनिटी (CARICOM) के सदस्य देशों में खाद्य एवं पेय पदार्थ निर्माताओं को रिफाइंड सफेद चीनी उपलब्ध कराना है। इसे क्षेत्र के चीनी उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कैरिबियन शुगर रिफाइनरी लिमिटेड (CSR), सैंटेंडर शुगर ग्रुप और सुक्रो लिमिटेड का संयुक्त उपक्रम है। इसने बेलीज के कायो जिले में स्थित सैंटेंडर की उत्पादन इकाई में ICUMSA 30 गुणवत्ता वाली रिफाइंड चीनी का उत्पादन शुरू कर दिया है। कंपनी की योजना जनवरी से CARICOM बाजार में इसकी आपूर्ति शुरू करने की है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

CSR प्रबंधन टीम के सदस्य गिल्बर्ट कैंटन ने बताया कि, रिफाइनरी में ICUMSA 30 चीनी की पहली खेप तैयार हो चुकी है। जनवरी में CARICOM देशों को आपूर्ति शुरू होने के बाद क्षेत्रीय व्यापार व्यवस्था के तहत एक ऐसा तंत्र सक्रिय होगा, जिसके जरिए क्षेत्रीय समूह से बाहर उत्पादित चीनी पर 40 प्रतिशत साझा बाहरी शुल्क लगाया जा सकेगा। इससे कैरेबियाई चीनी उत्पादकों को प्रतिस्पर्धात्मक लाभ मिलने की उम्मीद है।

बेलीज के प्रधानमंत्री जॉन ब्रिसेनो ने कहा कि, उन्होंने CARICOM देशों के शासनाध्यक्षों की बैठकों में बेलीज की चीनी के लिए क्षेत्रीय बाजार सुरक्षित करने का मुद्दा उठाया था। क्षेत्रीय नेताओं के साथ हुई चर्चाओं से नई रिफाइनरी से चीनी खरीदने के लिए समर्थन जुटाने में मदद मिली है। इसमें त्रिनिदाद और टोबैगो तथा जमैका की भूमिका महत्वपूर्ण है, क्योंकि ये दोनों क्षेत्र के बड़े चीनी उपभोक्ता बाजार हैं।

हालांकि, रिफाइनरी की सफलता के लिए क्षेत्रीय निर्माताओं से पर्याप्त मांग मिलना जरूरी होगा। शीतल पेय बनाने वाली कंपनियों, बेकरी और स्नैक उत्पादकों को इस इकाई से रिफाइंड चीनी खरीदनी होगी। CARICOM से बाहर के देशों से आने वाली चीनी पर प्रस्तावित अधिक आयात शुल्क भी नई रिफाइनरी की प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति मजबूत करने में मदद कर सकता है।

प्रधानमंत्री ब्रिसेनो ने बताया कि सरकार, सैंटेंडर और सुक्रो के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर CARICOM के विभिन्न देशों के अधिकारियों से बातचीत कर रही है। इस दौरान रिफाइनरी की उत्पादन क्षमता और खरीदारों की जरूरतों के अनुसार चीनी उपलब्ध कराने की क्षमता की जानकारी दी जा रही है। CSR के सलाहकार डेनियल गुटिरेज ने कहा कि कंपनी को भरोसा है कि वह क्षेत्र की मांग के अनुरूप पर्याप्त मात्रा और निर्धारित गुणवत्ता वाली चीनी उपलब्ध करा सकती है। उन्होंने बताया कि कच्ची चीनी का पर्याप्त भंडार मौजूद है और क्षेत्रीय जरूरतों को पूरा करने के लिए कंपनी बेलीज शुगर इंडस्ट्रीज (BSI) के साथ मिलकर काम करेगी।

इस परियोजना के जरिए बेलीज के दो प्रमुख चीनी उत्पादक समूहों सैंटेंडर और BSI के बीच भी सहयोग बढ़ा है। इसका उद्देश्य क्षेत्रीय बाजार में बेलीज की स्थिति को मजबूत करना है। BSI के संचार प्रतिनिधि विलियम नील ने कहा कि CSR, सैंटेंडर और BSI के बीच साझेदारी महत्वपूर्ण है। इससे कैरेबियाई देशों में उत्पादित चीनी को कैरेबियन सिंगल मार्केट एंड इकोनॉमी (CSME) व्यवस्था के तहत क्षेत्रीय बाजार में बेहतर अवसर मिल सकेंगे। उन्होंने बताया कि, बारबाडोस, बेलीज, जमैका और गुयाना ऐसे चार देश हैं, जहां अब भी चीनी का उत्पादन जारी है। ऐसे में कैरेबियाई चीनी उद्योग के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए उत्पादकों और उद्योग से जुड़े अन्य पक्षों के बीच सहयोग बढ़ाना बेहद जरूरी है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here