मेरठ (उत्तर प्रदेश): शासन ने गन्ना विभाग में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए मेरठ परिक्षेत्र के उप गन्ना आयुक्त राजीव राय का तबादला गोरखपुर कर दिया है। उनकी जगह गोरखपुर में तैनात यशपाल सिंह को मेरठ परिक्षेत्र का नया उप गन्ना आयुक्त नियुक्त किया गया है। इस संबंध में शासन की ओर से चीनी उद्योग अनुभाग के उप सचिव अजय कुमार मिश्रा ने आदेश जारी किया है।
राजीव राय ने जून 2025 में मेरठ में उप गन्ना आयुक्त का कार्यभार संभाला था। उनके कार्यकाल के दौरान गन्ना विभाग कई बार चर्चाओं में रहा। पिछले वर्ष दिसंबर में कड़ाके की ठंड के बीच पांडवनगर स्थित गन्ना भवन में भारतीय किसान यूनियन ने जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में जोरदार धरना प्रदर्शन किया था।
बाद में राकेश टिकैत धरना स्थल पर पहुंचे थे और उनके हस्तक्षेप के बाद धरना समाप्त हुआ था। उस दौरान राजीव राय और किसानों के बीच कई बार तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली थी।धरने के बाद राजीव राय को देवरिया से संबद्ध किया गया था, हालांकि बाद में उनकी मेरठ में फिर वापसी हुई। अब शासन ने एक बार फिर उनका तबादला करते हुए गोरखपुर परिक्षेत्र भेज दिया है। वहीं यशपाल सिंह अब मेरठ परिक्षेत्र की जिम्मेदारी संभालेंगे।


















