बागपत (उत्तर प्रदेश): रमाला सहकारी चीनी मिल में आगामी पेराई सत्र की तैयारियों के दौरान बड़ा हादसा हो गया। वेल्डिंग के काम के दौरान निकली एक चिंगारी बैगास (खोई) के ढेर पर गिर गई, जिससे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लाखों रुपये मूल्य की बैगास जलकर राख हो गई। ‘भास्कर’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, चीनी मिल परिसर में कर्मचारी एक मशीन की वेल्डिंग कर रहे थे। इसी दौरान वेल्डिंग से निकली चिंगारी पास में रखी बैगास पर जा गिरी। कुछ ही समय में बैगास से धुआं उठने लगा। कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना मिल अधिकारियों को दी, लेकिन अधिकारियों के मौके पर पहुंचने से पहले ही आग तेजी से फैल गई और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।
आग बुझाने के लिए मिल कर्मचारियों ने अपने स्तर पर पानी डालकर प्रयास किया, लेकिन बैगास अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण आग लगातार फैलती रही। स्थिति गंभीर होते देख मिल प्रशासन ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।सूचना मिलते ही बड़ौत फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। इस अग्निकांड में लगभग चार लाख रुपये मूल्य की बैगास के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।मिल अधिकारियों ने बताया कि बैगास का उपयोग मुख्य रूप से भाप (स्टीम) उत्पादन के लिए किया जाता है, जो चीनी मिल के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। अधिकारियों के अनुसार, आग लगने की घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।


















