यूक्रेनी चीनी का बड़ा खरीदार बना उज्बेकिस्तान, निर्यात में 12% हिस्सेदारी

कीव : उज्बेकिस्तान मौजूदा विपणन वर्ष के पहले नौ महीनों में यूक्रेन की चीनी का सबसे बड़े विदेशी खरीदारों में से एक बनकर उभरा है। यूक्रेनी पोर्टल डेलो.यूए (Delo.ua) की रिपोर्ट के अनुसार, इस अवधि के दौरान यूक्रेन ने कुल 5.04 लाख टन चीनी का निर्यात किया, जिसमें उज्बेकिस्तान की हिस्सेदारी 12 प्रतिशत रही। यूक्रेन के चीनी उद्योग संगठन “उक्रत्सुकोर” (Ukrtsukor) के आंकड़ों के मुताबिक, यूक्रेनी चीनी के प्रमुख आयातकों में लेबनान (21%), यूरोपीय संघ के देश (18%) और सीरिया (14%) भी शामिल हैं। कुल मिलाकर, निर्यात की गई चीनी का लगभग आधा हिस्सा मध्य पूर्व के देशों को भेजा गया।

विशेषज्ञों का मानना है कि, उज्बेकिस्तान को बढ़ती चीनी आपूर्ति इस बात का संकेत है कि मध्य एशिया में यूक्रेनी चीनी के लिए यह देश एक प्रमुख बाजार के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। मांग में वृद्धि का एक प्रमुख कारण क्षेत्र में लॉजिस्टिक मार्गों में बदलाव और संयुक्त अरब अमीरात से चीनी की आपूर्ति में कमी माना जा रहा है। उज्बेकिस्तान केवल चीनी ही नहीं, बल्कि अन्य यूक्रेनी कृषि उत्पादों का भी प्रमुख खरीदार बना हुआ है। यूक्रेन की राज्य सीमा शुल्क सेवा के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से अप्रैल 2026 के दौरान यूक्रेनी फ्रोजन बीफ के आयातकों में उज्बेकिस्तान दूसरे स्थान पर रहा।उज्बेकिस्तान और यूक्रेन के बीच कृषि एवं खाद्य उत्पादों का व्यापार लगातार मजबूत हो रहा है, जिससे दोनों देशों के व्यापारिक संबंधों को नई मजबूती मिल रही है।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here