केन्या : 27 हजार टन चीनी आयात मामले की जांच शुरू, सुरक्षा और मंजूरी प्रक्रिया पर उठे सवाल

नैरोबी: केन्या के सांसदों ने किबोस शुगर रिफाइनरी लिमिटेड द्वारा आयात की गई करीब 27,000 टन चीनी की जांच शुरू कर दी है। यह जांच चीनी की सुरक्षा, मंजूरी प्रक्रिया और परिवहन से जुड़े गंभीर सवालों के बाद शुरू की गई है।राष्ट्रीय व्यापार, उद्योग एवं सहकारिता समिति ने उस समय चिंता जताई जब पता चला कि, आयातित चीनी का एक हिस्सा निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि (एक्सपायरी डेट) जैसी महत्वपूर्ण जानकारी के बिना ही नैरोबी और किसुमू तक पहुंचा दिया गया था।

समिति ने पहले मोम्बासा स्थित केन्या पोर्ट्स अथॉरिटी (KPA) के बॉन्डेड गोदाम का दौरा किया था। इसके बाद नैरोबी के इनलैंड कंटेनर डिपो (ICD) का निरीक्षण कर चीनी की स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान समिति को जानकारी मिली कि आयातित चीनी का कुछ हिस्सा अब भी मोम्बासा के गोदामों में रखा हुआ है, जबकि हजारों टन चीनी पहले ही देश के अंदर विभिन्न स्थानों पर भेजी जा चुकी है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

समिति के समक्ष प्रस्तुत दस्तावेजों के अनुसार, किबोस शुगर ने लगभग 27,000 मीट्रिक टन कच्ची चीनी का आयात किया था। इसमें से करीब 3,900 टन चीनी किसुमू भेजी गई, जबकि लगभग 2,500 टन चीनी वर्तमान में नैरोबी के ICD में संग्रहीत है। केन्या राजस्व प्राधिकरण (KRA) के अधिकारियों ने चीनी को मंजूरी दिए जाने का बचाव करते हुए कहा कि, यह चीनी औद्योगिक प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग) के लिए कच्चे माल के रूप में आयात की गई थी, इसलिए इसे देश में प्रवेश की अनुमति दी गई।

हालांकि, समिति के सदस्यों ने सवाल उठाया कि जब चीनी के उत्पादन या निष्कर्षण की तारीख स्पष्ट नहीं है, तो उसकी सुरक्षा और गुणवत्ता का आकलन कैसे किया जा सकता है। समिति के अध्यक्ष बर्नार्ड शिनाली ने कहा कि, यह पता नहीं चल पाया है कि कच्ची चीनी का उत्पादन कब हुआ था। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि वह औद्योगिक उपयोग के लिए भी अनुपयुक्त या एक्सपायर हो चुकी हो सकती है।

सांसदों ने इस बात पर भी सवाल उठाया कि, चीनी को सीधे किसुमू स्थित रिफाइनरी भेजने के बजाय नैरोबी क्यों ले जाया गया। समिति ने इस पूरे परिवहन और भंडारण प्रक्रिया को संदेहास्पद बताते हुए इसकी जांच शुरू कर दी है। केन्या शुगर बोर्ड के अधिकारियों ने समिति को बताया कि, आयातित चीनी का अब तक प्रसंस्करण नहीं किया गया है, क्योंकि किबोस शुगर की रिफाइनरी तकनीकी खराबी के बाद रखरखाव कार्य के कारण बंद है।

जांच पूरी होने तक सभी गतिविधियों पर रोक

समिति ने निर्देश दिया है कि आयातित चीनी से जुड़ी सभी गतिविधियां तत्काल प्रभाव से रोक दी जाएं। जांच पूरी होने और चीनी की सुरक्षा को लेकर स्पष्टता आने तक उसके प्रसंस्करण या उपयोग की अनुमति नहीं दी जाएगी। समिति अब इस पूरे मामले में आयात, मंजूरी, परिवहन और भंडारण से जुड़ी परिस्थितियों की विस्तृत जांच कर रही है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here