साइबर हमले के बाद ऑस्ट्रेलिया की दो प्रमुख चीनी मिलें बंद, संचालन पूरी तरह प्रभावित

मैकाय : ऑस्ट्रेलिया की प्रमुख चीनी उत्पादक कंपनी मैकाय शुगर को साइबर सुरक्षा घटना का सामना करना पड़ा है, जिसके चलते उसकी दो महत्वपूर्ण चीनी मिलों – फार्ले (Farleigh) और रेसकोर्स (Racecourse) का संचालन अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा है। कंपनी ने 10 जून को जारी एक बयान में इस साइबर घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि, कुछ परिचालन प्रणालियां प्रभावित हुई हैं, जिसके कारण उत्पादन कार्य रोकना पड़ा।

मैकाय शुगर ने कहा कि, फिलहाल उसकी प्राथमिकता कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, परिचालन प्रणालियों की रक्षा करना और व्यापारिक गतिविधियों को यथासंभव जारी रखना है।कंपनी ने साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की सेवाएं ली हैं और मामले की जांच के लिए संबंधित सरकारी एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है। साथ ही प्रभावित प्रणालियों को सुरक्षित तरीके से बहाल करने की प्रक्रिया भी जारी है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

कंपनी के अनुसार, महत्वपूर्ण व्यावसायिक कार्यों को जारी रखने और नुकसान को कम करने के लिए अस्थायी वैकल्पिक प्रक्रियाएं लागू की गई हैं। मैकाय शुगर ने कहा कि वह अपने कर्मचारियों, गन्ना उत्पादकों और प्रमुख व्यावसायिक साझेदारों के साथ लगातार संपर्क में है और नई जानकारी उपलब्ध होने पर अपडेट साझा करती रहेगी।

मैकाय शुगर ऑस्ट्रेलिया की दूसरी सबसे बड़ी चीनी निर्माता कंपनी है, जो हर साल 7 लाख टन से अधिक चीनी का उत्पादन करती है। यह क्षेत्र के सबसे बड़े नियोक्ताओं में भी शामिल है। कंपनी का सह-उत्पादन (को-जनरेशन) बिजली संयंत्र मैकाय क्षेत्र की लगभग एक-तिहाई वार्षिक बिजली जरूरतों को पूरा करता है, जो करीब 27,000 घरों की बिजली खपत के बराबर है।

साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, अभी तक किसी भी हैकर या साइबर अपराधी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। मामले की जांच जारी है और हमले के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। मैकाय शुगर पर हुआ साइबर हमला ऑस्ट्रेलिया की कृषि कंपनी ट्राइपॉड फार्मर्स ग्रुप पर हुए हालिया साइबर हमले के कुछ ही समय बाद सामने आया है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here