सोलापुर: दक्षिण सोलापुर के धोत्री स्थित गोकुल शुगर इंडस्ट्रीज द्वारा बकाया गन्ना भुगतान नहीं किए जाने से नाराज किसानों ने बुधवार को धर्मवीर संभाजी तालाब में जलसमाधि आंदोलन किया। पुलिस द्वारा अनुमति न दिए जाने के बावजूद किसान अपने आंदोलन पर अड़े रहे और कई किसानों ने तालाब में छलांग लगा दी। बाद में अग्निशमन दल और प्रशासन की मदद से सभी किसानों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
किसानों ने उठाई बकाया भुगतान की मांग…
आंदोलन के दौरान किसानों ने जिलाधिकारी एस. कार्तिकेयन से तत्काल बकाया राशि दिलाने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने किसानों को आश्वस्त किया कि, प्रशासन उनकी समस्या के समाधान के लिए तेजी से काम कर रहा है और कानूनी प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा, “प्रशासन किसानों के पक्ष में पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रहा है। हमें थोड़ा समय दें, हम आपके बकाया पैसे की वसूली कराकर दिलाएंगे।”
पुलिस के सामने तालाब में कूदे किसान…
जलसमाधि आंदोलन के दौरान पत्रकार भवन चौक और आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया था। पुलिस ने किसानों को रोकने की कोशिश की, लेकिन किसान कंबर तालाब की ओर बढ़ गए और पुलिस के सामने ही पानी में उतर गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस उपायुक्त प्रीतम यावलकर और दक्षिण सोलापुर के तहसीलदार किरण जमदाडे स्वयं तालाब में उतरे और किसानों से आंदोलन समाप्त करने की अपील की। तालाब के बीच तक पहुंच चुके किसानों को अग्निशमन दल के जवानों ने बाहर निकाला।इस आंदोलन में अक्कलकोट तालुका के किसान नेता पंडित पुजारी, देविदास खांडेकर और गणेश राठोड प्रमुख रूप से शामिल रहे।
मिल की संपत्ति कुर्क कर वसूली की तैयारी…
जिला प्रशासन ने बताया कि, चीनी आयुक्त कार्यालय से आरआरसी (राजस्व वसूली प्रमाणपत्र) कार्रवाई के लिए पत्र प्राप्त होने के बाद कानूनी प्रक्रिया तेज कर दी गई है। संबंधित शुगर मिल को पहले ही तीन नोटिस जारी किए जा चुके हैं।प्रशासन के अनुसार, निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कारखाने की चल एवं अचल संपत्तियों को जब्त कर नीलाम किया जाएगा। नीलामी से प्राप्त राशि किसानों के खातों में जमा कराई जाएगी।
प्रशासन ने जारी किया कार्रवाई का कार्यक्रम
22 जून: चल संपत्ति (जंगम मालमत्ता) कुर्क करने की नोटिस जारी होगी।
7 जुलाई: अचल संपत्ति जब्ती के आदेश जारी किए जाएंगे।
22 जुलाई: संपत्ति बिक्री की सार्वजनिक घोषणा की जाएगी।
29 जुलाई: संपत्ति बिक्री की लिखित नोटिस जारी होगी।
5 अगस्त: जब्त संपत्तियों की बिक्री की प्रक्रिया शुरू होगी।
12 अगस्त: संपत्ति बिक्री का प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि, कानूनी प्रक्रिया पूरी होते ही किसानों का बकाया भुगतान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।


















