एथेनॉल मिश्रण बढ़ाने की दिशा में बड़ा अवसर, चीनी और बायोफ्यूल उद्योग को मिल सकती है 300 करोड़ लीटर अतिरिक्त मांग: ISMA

नई दिल्ली : भारत में पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण बढ़ाने की सरकारी पहल से चीनी और जैव ईंधन (बायोफ्यूल) उद्योग को बड़ा लाभ मिल सकता है। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि, उच्च एथेनॉल मिश्रण लागू होने पर देश में एथेनॉल की मांग में करीब 300 करोड़ लीटर तक की अतिरिक्त वृद्धि हो सकती है। इससे चीनी मिलों और बायोफ्यूल उत्पादकों की निष्क्रिय उत्पादन क्षमता का बेहतर उपयोग संभव होगा। यह सकारात्मक माहौल सरकार द्वारा हाल ही में उच्च एथेनॉल मिश्रित ईंधनों को बढ़ावा देने के लिए उठाए गए कदमों के बाद बना है। उद्योग जगत का मानना है कि, यह फैसला भारत के जैव ईंधन कार्यक्रम को अगले स्तर तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) के महानिदेशक दीपक बल्लानी ने कहा कि, नई नीति भविष्य में अधिक एथेनॉल मिश्रण और खपत का स्पष्ट रोडमैप तैयार करती है। उन्होंने बताया कि, भारत के पास पहले से ही उच्च एथेनॉल मिश्रण की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त उत्पादन क्षमता मौजूद है। केवल चीनी उद्योग की एथेनॉल उत्पादन क्षमता ही करीब 900 करोड़ लीटर है, जो वर्तमान आवंटन से काफी अधिक है। बल्लानी के अनुसार, यदि सरकार E22 (22 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण) लागू करती है, तो इससे लगभग 120 करोड़ लीटर अतिरिक्त एथेनॉल की मांग पैदा होगी। वहीं E25 लागू होने पर यह मांग बढ़कर करीब 300 करोड़ लीटर तक पहुंच सकती है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

ट्रूऑल्ट बायोएनर्जी के प्रबंध निदेशक विजय निरानी ने कहा कि, उद्योग पहले ही उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए बड़े निवेश कर चुका है, लेकिन हाल के वर्षों में मांग और खरीद में अपेक्षित वृद्धि नहीं होने से कई प्लांट्स पूरी क्षमता से संचालित नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि, सरकार की नई अधिसूचनाओं से उत्पादन बढ़ाने और मौजूदा क्षमता के बेहतर उपयोग का अच्छा अवसर मिलेगा। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि, उच्च एथेनॉल मिश्रित ईंधनों पर उत्पाद शुल्क में दी गई छूट भविष्य में उपभोक्ताओं के लिए ईंधन लागत कम करने में मदद कर सकती है। इसके अलावा इससे कच्चे तेल के आयात पर भारत की निर्भरता घटेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

दीपक बल्लानी ने कहा कि, उच्च एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम की दीर्घकालिक सफलता काफी हद तक फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के प्रसार पर निर्भर करेगी। जैसे-जैसे वाहन निर्माता E85 जैसे उच्च एथेनॉल मिश्रण पर चलने वाले वाहन बाजार में उतारेंगे, एथेनॉल की मांग भी लगातार बढ़ती जाएगी।उद्योग संगठनों ने सरकार से एथेनॉल खरीद मूल्य में संशोधन करने की भी मांग की है। उनका कहना है कि, पिछले कुछ वर्षों में गन्ना किसानों को मिलने वाला एफआरपी (उचित एवं लाभकारी मूल्य) लगभग 20 प्रतिशत बढ़ चुका है, लेकिन गन्ने के रस और बी-हैवी शीरे (B-Heavy Molasses) से बनने वाले एथेनॉल की कीमतों में अपेक्षित वृद्धि नहीं हुई है। बलानी ने कहा कि एथेनॉल उत्पादन की लागत को देखते हुए उसकी खरीद कीमत में भी समुचित बढ़ोतरी आवश्यक है और इस विषय पर सरकार के साथ चर्चा जारी है।उद्योग जगत का मानना है कि सरकार की नई एथेनॉल नीति और उच्च मिश्रण लक्ष्य चीनी मिलों और बायोफ्यूल कंपनियों के लिए सकारात्मक संकेत हैं। इससे उत्पादन क्षमता का बेहतर उपयोग होगा, मांग बढ़ेगी और एथेनॉल उत्पादन का आर्थिक मॉडल अधिक मजबूत बनेगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here