बेलगावी: बेलगावी जिले के बैलहोंगल स्थित मालप्रभा सहकारी शुगर फैक्टरी द्वारा 153 करोड़ से अधिक के ऋण का भुगतान नहीं किए जाने के मामले में स्थानीय अदालत ने एपेक्स बैंक को फैक्टरी का भौतिक कब्जा (फिजिकल पजेशन) लेने की अनुमति दे दी है। वरिष्ठ सिविल न्यायालय और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) अदालत ने फैक्टरी का भौतिक कब्जा लेने संबंधी एपेक्स बैंक की याचिका को मंजूरी दे दी। बैंक इससे पहले सितंबर 2025 में फैक्टरी का सांकेतिक (कंस्ट्रक्टिव) कब्जा ले चुका था।
जानकारी के अनुसार, मालप्रभा सहकारी शुगर फैक्टरी ने एपेक्स बैंक से लिए गए दीर्घकालिक ऋणों की 153.23 करोड़ की बकाया राशि का भुगतान नहीं किया। इसके चलते जुलाई 2025 में फैक्टरी को नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद सितंबर में बैंक ने सांकेतिक कब्जा प्राप्त किया, लेकिन इसके बावजूद बकाया ऋण का निपटारा नहीं हो सका।ऋण वसूली नहीं होने पर एपेक्स बैंक ने बेलगावी की अदालत का रुख किया। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने हाल ही में बैंक के पक्ष में फैसला सुनाते हुए फैक्टरी का भौतिक कब्जा लेने की अनुमति प्रदान कर दी। यह जानकारी सहकारिता विभाग के सूत्रों ने दी है।
इस फैसले के बाद अब बैंक को कानूनी प्रक्रिया के तहत फैक्टरी की संपत्तियों पर प्रत्यक्ष नियंत्रण स्थापित करने का रास्ता साफ हो गया है।माना जा रहा है कि, यह कार्रवाई बकाया ऋण की वसूली के लिए उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है।


















