फिजी: श्रमिकों की कमी से जूझ रहा चीनी उद्योग, प्रवासी मजदूरों को लाने पर विचार

सुवा : फिजी के चीनी उद्योग में लगातार बढ़ रही श्रमिकों की कमी को दूर करने के लिए शुगर केन ग्रोअर्स काउंसिल (एससीजीसी) प्रवासी मजदूरों की नियुक्ति के विकल्प पर विचार कर रही है। काउंसिल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विमल दत्त ने आर्थिक मामलों की स्थायी समिति को बताया कि, हर साल गन्ने की कटाई और परिवहन के लिए पर्याप्त श्रमिक उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि, काउंसिल श्रम मंत्रालय और आव्रजन मंत्रालय के साथ चर्चा कर रही है ताकि प्रवासी श्रमिकों को लाकर उद्योग में बढ़ती श्रमिक कमी को दूर किया जा सके। यह कमी देश की गन्ना फसल और चीनी उत्पादन के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है।

विमल दत्त ने कहा, श्रमिकों की मांग और आवश्यकता दोनों हैं। उद्योग को निरंतर और प्रशिक्षित श्रमबल की जरूरत है। इसी दिशा में हम श्रम और आव्रजन मंत्रालय के साथ आगे की प्रक्रिया पर काम कर रहे हैं। फिजी में गन्ने की कटाई मुख्य रूप से दो तरीकों से की जाती है—यांत्रिक हार्वेस्टर मशीनों के जरिए और मजदूरों द्वारा हाथ से गन्ना काटकर। लेकिन दोनों व्यवस्थाओं पर दबाव बढ़ रहा है। वैश्विक स्तर पर ईंधन की कीमतें बढ़ने से हार्वेस्टर मशीनों की संचालन लागत बढ़ गई है, जबकि हाथ से गन्ना काटने जैसे कठिन कार्य के लिए श्रमिकों की उपलब्धता लगातार घट रही है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

विमल दत्त ने बताया कि, यदि प्रवासी श्रमिक योजना को सफल बनाना है तो किसानों के लिए सालभर आय सुनिश्चित करने वाला मॉडल विकसित करना होगा, जिससे पूर्णकालिक श्रमिकों को रोजगार दिया जा सके। इसी उद्देश्य से काउंसिल किसानों को गन्ने के साथ अन्य फसलों की खेती करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। मिश्रित एवं विविधीकृत खेती के माध्यम से किसानों को पूरे वर्ष नियमित आय प्राप्त हो सकेगी।

समिति के अध्यक्ष साकियुसा टुबुना ने भी फसल विविधीकरण का समर्थन किया। उन्होंने बताया कि, बा और नादी क्षेत्रों के किसानों में लोबिया (काउपी) की खेती को लेकर काफी रुचि देखी जा रही है। उनके अनुसार, एक चौथाई एकड़ भूमि पर लोबिया की खेती करने वाला किसान लगभग 10,000 डॉलर तक की आय अर्जित कर सकता है। विमल दत्त ने पुष्टि की कि 2026 के गन्ना कटाई सत्र के बाद किसानों के लिए गन्ने के साथ लोबिया की अंतरवर्ती खेती (इंटरक्रॉपिंग) की योजना शुरू की जाएगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here