खरीफ 2026 के लिए उर्वरकों का पर्याप्त भंडार, वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद आपूर्ति को लेकर कोई चिंता नहीं : केंद्र सरकार

नई दिल्ली:  केंद्र सरकार ने खरीफ सीजन 2026 के दौरान किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर आश्वस्त करते हुए कहा है कि, देश में उर्वरकों का भंडार पर्याप्त मात्रा में मौजूद है और आपूर्ति को लेकर फिलहाल किसी प्रकार की चिंता की स्थिति नहीं है। अमेरिका और ईरान के बीच 60 दिनों के शांति समझौते की घोषणा के बाद रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी।मंत्रालय की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में उर्वरक विभाग की संयुक्त सचिव वंदना प्रयाशी ने बताया कि, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग (DA&FW) ने खरीफ 2026 सीजन के लिए उर्वरकों की कुल आवश्यकता का पुनर्मूल्यांकन करते हुए इसे 383.9 लाख मीट्रिक टन (एलएमटी) निर्धारित किया है।

उन्होंने कहा कि, वर्तमान में देश में उर्वरकों का कुल भंडार 196.65 लाख मीट्रिक टन है, जो कुल आवश्यकता का लगभग 51 प्रतिशत है। सामान्य परिस्थितियों में यह स्तर करीब 33 प्रतिशत रहता है, इसलिए इस बार स्थिति कहीं अधिक बेहतर है। वंदना प्रयाशी ने बताया कि, उर्वरकों की मजबूत उपलब्धता के पीछे सरकार की बेहतर योजना, अग्रिम भंडारण और प्रभावी लॉजिस्टिक्स प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।उन्होंने कहा कि, खरीफ 2026 सीजन के दौरान अब तक देश के किसानों ने 102.78 लाख मीट्रिक टन रासायनिक उर्वरकों की खरीद कर ली है, जो पूरे सीजन की कुल आवश्यकता का लगभग 27 प्रतिशत है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

सरकार के अनुसार, देश में वर्तमान समय में 22.67 लाख मीट्रिक टन जैविक खाद का भंडार उपलब्ध है। वहीं किसानों ने अब तक 11.82 लाख मीट्रिक टन जैविक खाद खरीदी है।पिछले वर्ष इसी अवधि में जैविक खाद की खरीद मात्र 3.31 लाख मीट्रिक टन थी। इस वर्ष हुई भारी बढ़ोतरी को सरकार किसानों के बीच जैविक पोषक तत्वों के बढ़ते उपयोग का सकारात्मक संकेत मान रही है।वंदना प्रयाशी ने कहा कि, यह बदलाव दर्शाता है कि किसान धीरे-धीरे रासायनिक उर्वरकों के साथ-साथ जैविक विकल्पों को भी अपनाने लगे हैं, जिससे टिकाऊ कृषि को बढ़ावा मिलेगा।

उर्वरक विभाग की संयुक्त सचिव ने किसानों को भरोसा दिलाया कि, मौजूदा खरीफ सीजन में उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर कोई बड़ा संकट सामने नहीं आया है।उन्होंने बताया कि हालिया वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद देश में 123.65 लाख मीट्रिक टन घरेलू उत्पादन और 39.36 लाख मीट्रिक टन आयात के माध्यम से कुल 163.01 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।सरकार का कहना है कि, पर्याप्त भंडारण, समय पर आयात और घरेलू उत्पादन में वृद्धि के कारण खरीफ सीजन के दौरान किसानों को उर्वरकों की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

किसानों के लिए राहत की खबर

विशेषज्ञों का मानना है कि, खरीफ सीजन में उर्वरकों की समय पर उपलब्धता कृषि उत्पादन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे में पर्याप्त स्टॉक और मजबूत आपूर्ति व्यवस्था किसानों के लिए राहत की खबर है, खासकर ऐसे समय में जब वैश्विक स्तर पर आपूर्ति श्रृंखला और भू-राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर अनिश्चितताएं बनी हुई हैं।

 

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here