कोल्हापुर दौरे पर आ रहे मंत्री अमित शाह से चीनी उद्योग को बड़ी उम्मीदें, MSP और कर्ज पुनर्गठन पर फैसले की आस

कोल्हापुर: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के दो दिवसीय (19 और 20 जून) कोल्हापुर दौरे पर देश के चीनी उद्योग की निगाहें टिकी हुई हैं। उद्योग जगत को उम्मीद है कि, इस दौरान चीनी क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण और लंबित मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय लिए जा सकते हैं। करीब पंद्रह दिन पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में राज्य के एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात कर चीनी उद्योग के समक्ष खड़ी चुनौतियों और लंबित मांगों पर चर्चा की थी। अब उनके कोल्हापुर दौरे के दौरान उद्योग को राहत देने वाले फैसलों की संभावना जताई जा रही है।

आर्थिक संकट से जूझ रहा है चीनी उद्योग…

ChiniMandi WhatsApp Channel

देशभर के चीनी मिलर्स आगामी पेराई सत्र की तैयारियों में जुटे हैं, लेकिन बढ़ती उत्पादन लागत और कम बिक्री मूल्य के कारण उद्योग गंभीर आर्थिक दबाव में है। उद्योग प्रतिनिधियों का कहना है कि, गन्ने की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य (एमएसपी) में लंबे समय से कोई पर्याप्त वृद्धि नहीं हुई है। वर्तमान में चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य 31 रुपये प्रति किलोग्राम है, जिसे बढ़ाकर 41 से 43 रुपये प्रति किलोग्राम करने की मांग की जा रही है। उद्योग का तर्क है कि, गन्ना एफआरपी और चीनी बिक्री मूल्य (MSP) के बीच बढ़ता असंतुलन चीनी मिलों की वित्तीय स्थिति को कमजोर कर रहा है।

एमएसपी बढ़ाने की प्रमुख मांग…

चीनी उद्योग का कहना है कि, चीनी उत्पादन की लागत लगातार बढ़ने के बावजूद बाजार में मिलने वाला मूल्य पर्याप्त नहीं है। इसी वजह से उद्योग ने केंद्र सरकार से चीनी का एमएसपी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर कम से कम 4,200 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की है। उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि, एमएसपी में वृद्धि से मिलों की वित्तीय स्थिति सुधरेगी और किसानों के गन्ना भुगतान में भी तेजी आएगी।

कर्ज पुनर्गठन की भी मांग

एमएसपी के अलावा चीनी मिलों को दिए गए ऋणों के पुनर्गठन की मांग भी प्रमुखता से उठाई जा रही है। उद्योग का मानना है कि, वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों में कर्ज पुनर्गठन से मिलों को राहत मिलेगी और वे आगामी पेराई सत्र की तैयारियां बेहतर ढंग से कर सकेंगी। सूत्रों के अनुसार, मंत्री अमित शाह चीनी उद्योग की मांगों के प्रति सकारात्मक रुख रखते हैं। ऐसे में कोल्हापुर दौरे के दौरान उद्योग से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्र सरकार की ओर से राहत भरे फैसले सामने आ सकते हैं। चीनी उद्योग, सहकारी संस्थाएं और किसान संगठनों की नजरें अब इस दौरे पर टिकी हैं, क्योंकि आगामी सीजन से पहले लिए गए निर्णय पूरे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति पर असर डाल सकते हैं।

बढ़ती लागत के बीच उद्योग की प्रमुख मांगें…

चीनी उत्पादन की लागत लगातार बढ़ रही है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, सितंबर 2025 तक चीनी उत्पादन की लागत 4,029 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गई थी, जिसमें अकेले गन्ने की एफआरपी का खर्च 3,463 रुपये प्रति क्विंटल है। इसके अलावा रसायन, ईंधन और अन्य उत्पादन लागतों में भी वृद्धि हुई है। इन चुनौतियों को देखते हुए उद्योग ने सरकार के समक्ष कई मांगें रखी हैं। इनमें चीनी के न्यूनतम मूल्य में वृद्धि, एथेनॉल के बेहतर दाम, 31 मार्च 2026 तक के बकाया ऋणों का पुनर्गठन, दो वर्ष की मोहलत और 10-12 वर्ष की पुनर्भुगतान अवधि शामिल है। साथ ही यह भी बताया गया कि एथेनॉल परियोजनाओं के लिए लिए गए ऋणों पर ब्याज अनुदान के रूप में 21 चीनी मिलों के लगभग 69 करोड़ रुपये अभी भी लंबित हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here