बेलगावी : कर्नाटक के प्रमुख कृषि जिले बेलगावी में खेती का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। किसान बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती बढ़ा रहे हैं, वहीं तंबाकू की खेती से दूरी बनाकर हल्दी जैसी लाभकारी नकदी फसलों की ओर रुख कर रहे हैं। कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, हाल के वर्षों में गन्ने और हल्दी की बढ़ती मांग तथा बेहतर आय ने किसानों के फैसलों को प्रभावित किया है। बेलगावी जिले में गन्ने का रकबा लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2022-23 में जहां गन्ने की खेती 2.60 लाख हेक्टेयर में थी, वहीं 2023-24 में यह बढ़कर 2.80 लाख हेक्टेयर, 2024-25 में 2.93 लाख हेक्टेयर और 2025-26 में 3 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गई। अधिकारियों का अनुमान है कि, 2026-27 सीजन में यह आंकड़ा 3 लाख हेक्टेयर से भी अधिक हो जाएगा।
बेलगावी जिले में प्रदेश में सबसे जादा गन्ना उत्पादन…
विशेष बात यह है कि अकेला बेलगावी जिला कर्नाटक के कुल गन्ना क्षेत्रफल का लगभग 44 प्रतिशत हिस्सा रखता है, जिससे यह राज्य का सबसे महत्वपूर्ण गन्ना उत्पादक क्षेत्र बन गया है। गन्ने के मूल्य और भुगतान को लेकर चीनी मिलों तथा किसानों के बीच समय-समय पर विवाद होने के बावजूद किसान गन्ने को प्राथमिकता दे रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि, गन्ने में फसल खराब होने का जोखिम अपेक्षाकृत कम होता है, रैटून फसल का लाभ मिलता है और चीनी तथा एथेनॉल उद्योगों की लगातार मांग बनी रहती है।
जिले में 28 चीनी मिलें संचालित…
जिले में 28 चीनी मिलें संचालित हैं और गन्ना उत्पादन मुख्य रूप से चिक्कोडी, अथनी, गोकाक और यरगट्टी क्षेत्रों में केंद्रित है। कई किसान अतिरिक्त आय के लिए गन्ने के साथ दालों और सब्जियों की अंतरवर्तीय खेती (इंटरक्रॉपिंग) भी अपना रहे हैं। कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक एच.डी. कोलेकर के अनुसार, अंतरवर्तीय खेती के बढ़ते उपयोग ने गन्ना क्षेत्र में लगातार वृद्धि को बढ़ावा दिया है।
हल्दी ने बढ़ाई गन्ने को चुनौती…
हालांकि, गन्ना अभी भी जिले की प्रमुख नकदी फसल बना हुआ है, लेकिन हल्दी किसानों के लिए तेजी से आकर्षक विकल्प बन रही है। वर्ष 2024-25 में जिले में 4,180.88 हेक्टेयर क्षेत्र में हल्दी की खेती की गई, जिससे 62,713 मीट्रिक टन उत्पादन हुआ। बाजार में हल्दी के दाम लगभग 15,000 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचने से कई किसानों को गन्ने की तुलना में अधिक मुनाफा मिलने लगा है। रायबाग तालुका हल्दी उत्पादन में सबसे आगे रहा, जहां 1,603 हेक्टेयर क्षेत्र में 24,051 मीट्रिक टन हल्दी का उत्पादन हुआ। अथानी और मुदलागी क्षेत्रों में भी हल्दी उत्पादन तेजी से बढ़ा है।
किसानों की आय बढ़ाने में गन्ना और हल्दी की अहम भूमिका…
उद्यानिकी विभाग के संयुक्त निदेशक महांतेश मुरगोड ने ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ से बातचीत में कहा कि, हल्दी किसानों की आय का महत्वपूर्ण स्रोत बन गई है, लेकिन गन्ना अब भी जिले की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और चीनी उद्योग की रीढ़ बना हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि गन्ने की स्थिर मांग, चीनी और इथेनॉल क्षेत्र का विस्तार तथा हल्दी जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों की लोकप्रियता आने वाले वर्षों में बेलगावी के कृषि परिदृश्य को नई दिशा दे सकती है।


















