मनिला : देश के चीनी उद्योग को नुकसान पहुंचाने वाले रेड-स्ट्राइप्ड सॉफ्ट स्केल इंसेक्ट (RSSI) कीट के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए कृषि विभाग ने एक प्राकृतिक रूप से पाए जाने वाले फंगस (कवक) के बड़े पैमाने पर उत्पादन का आदेश दिया है। कृषि सचिव फ्रांसिस्को टियू लॉरेल जूनियर ने शुगर रेगुलेटरी एडमिनिस्ट्रेशन (SRA) की 40वीं वर्षगांठ के अवसर पर यह निर्देश जारी किया। उन्होंने जैविक नियंत्रण एजेंटों (बायोकंट्रोल एजेंट) के उत्पादन में तेजी लाने और कीट नियंत्रण प्रयासों को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता देने का भी आश्वासन दिया।टियू लॉरेल ने कहा, मैंने एसआरए को आरएसएसआई के प्रकोप का सीधे मुकाबला करने का निर्देश दिया है। हमारे पास इस जैविक नियंत्रण एजेंट का उत्पादन करने की तकनीक और क्षमता दोनों मौजूद हैं।उन्होंने कहा कि फंगस का उत्पादन इतना होना चाहिए कि कम से कम 75,000 हेक्टेयर क्षेत्र को कवर किया जा सके।
रेड-स्ट्राइप्ड सॉफ्ट स्केल इंसेक्ट एक रस चूसने वाला कीट है, जो गन्ने की फसल में मौजूद शर्करा की मात्रा को 50 प्रतिशत तक कम कर सकता है। इससे उत्पादन में भारी गिरावट आती है और किसानों की आय प्रभावित होती है। इस कीट की पहचान पहली बार वर्ष 2022 में हुई थी। तब से यह चीनी उद्योग के लिए सबसे गंभीर जैविक खतरों में से एक बन गया है। यह कीट पौधों का रस चूसकर गन्ने को कमजोर करता है और सूटी मोल्ड (काली फफूंद) के विकास को बढ़ावा देता है, जिससे प्रकाश संश्लेषण (फोटोसिंथेसिस) की प्रक्रिया प्रभावित होती है और फसल उत्पादन घट जाता है।
एसआरए अधिकारियों के अनुसार, नेग्रोस ऑक्सिडेंटल और नेग्रोस ओरिएंटल क्षेत्रों में यह संक्रमण गन्ने के कुल लगाए गए क्षेत्र के 30 प्रतिशत से अधिक हिस्से में फैल चुका हो सकता है। अब तक लगभग 4,600 हेक्टेयर क्षेत्र में संक्रमण की आधिकारिक पुष्टि की गई है। उद्योग से जुड़े सूत्रों का कहना है कि, यह कीट इलोइलो, कैपिज, लेयते और मिंडानाओ के कुछ हिस्सों तक भी फैल चुका है, जिससे व्यापक प्रकोप की आशंका बढ़ गई है।वर्ष 2025 में गठित एक अंतर-एजेंसी टास्क फोर्स की अगुवाई एसआरए कर रहा है। यह समूह कीट नियंत्रण उपायों और किसान जागरूकता अभियानों के माध्यम से गन्ना उत्पादन में एकीकृत कीट प्रबंधन (IPM) को बढ़ावा दे रहा है।
सरकार ने अब तक 80 लाख फिलीपीन पेसो (P8 मिलियन) की राशि नियंत्रण प्रयासों के लिए आवंटित की है। हालांकि, कृषि सचिव ने कहा कि फंगस उत्पादन बढ़ाने और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित शुरुआती कीट पहचान एवं निगरानी प्रणाली विकसित करने के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने ब्यूरो ऑफ प्लांट इंडस्ट्री (BPI) और कृषि विभाग की अन्य प्रयोगशालाओं को भी जैविक नियंत्रण एजेंटों के उत्पादन को बड़े स्तर पर बढ़ाने में सहयोग करने का निर्देश दिया है।


















