युगांडा : चीनी पर उत्पाद शुल्क बढ़ाने के प्रस्ताव से किसानों की आय घटने का खतरा, गन्ना उत्पादकों ने जताई चिंता

कंपाला :चीनी उद्योग से जुड़े किसानों और संगठनों ने सरकार के उस प्रस्ताव पर गंभीर चिंता जताई है, जिसमें चीनी पर उत्पाद शुल्क (एक्साइज ड्यूटी) को 100 शिलिंग प्रति किलोग्राम से बढ़ाकर 200 शिलिंग प्रति किलोग्राम करने की बात कही गई है। उनका कहना है कि, इससे गन्ने के दाम घट सकते हैं और पहले से बढ़ती उत्पादन लागत से जूझ रहे किसानों की आय पर और दबाव पड़ेगा। उद्योग प्रतिनिधियों के अनुसार, सरकार ने पहले उत्पाद शुल्क को 300 शिलिंग प्रति किलोग्राम तक बढ़ाने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन किसानों और उद्योग संगठनों के विरोध के बाद इसे घटाकर 200 शिलिंग कर दिया गया। इसके बावजूद किसान इस बढ़ोतरी को नुकसानदायक मान रहे हैं।

युगांडा नेशनल एसोसिएशन ऑफ शुगरकेन ग्रोअर्स (UNASGO) के अध्यक्ष जूलियस कातेरेवु ने कहा कि, किसान चाहते थे कि कर की दर 100 शिलिंग प्रति किलोग्राम ही बनी रहे, क्योंकि किसी भी प्रकार की कर वृद्धि का सीधा असर किसानों पर पड़ता है। उन्होंने बताया कि, चीनी मिलें कर कटौती के बाद किसानों का हिस्सा तय करती हैं, इसलिए अंततः इसका बोझ किसानों पर ही आ जाता है। कातेरेवु ने सरकार से मांग की कि यदि कर बढ़ाया जाता है, तो किसानों की आय की सुरक्षा के लिए भी ठोस कदम उठाए जाएं और कुछ मिलों द्वारा लागू किए गए 5 प्रतिशत गन्ना कचरा (ट्रैश) कटौती नियम की समीक्षा की जाए।

ChiniMandi WhatsApp Channel

किसानों के अनुसार, वे पहले ही घाटे में खेती कर रहे हैं और गन्ने की आपूर्ति में भी गिरावट आ रही है। उर्वरक, कृषि रसायन, ईंधन, मजदूरी और परिवहन लागत लगातार बढ़ रही है, जिससे उत्पादन खर्च काफी बढ़ गया है। युगांडा शुगर स्टेकहोल्डर्स काउंसिल के सदस्य इसा बुधुगो ने कहा कि, चीनी पर उत्पाद शुल्क बढ़ाने से गन्ने के किसानों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा क्योंकि गन्ने का मूल्य सीधे चीनी की कीमतों से जुड़ा होता है। उनके अनुसार, कर बढ़ने पर मिलों के सामने दो विकल्प होंगे—या तो वे चीनी की कीमत बढ़ाएं या किसानों को गन्ने का कम मूल्य दें। दोनों ही स्थितियों में किसानों को नुकसान उठाना पड़ेगा।

वर्तमान में गन्ने का औसत खेत-स्तरीय मूल्य लगभग 1,25,000 शिलिंग प्रति टन है, जबकि एक दशक पहले यह करीब 1,75,000 शिलिंग प्रति टन था। उद्योग से जुड़े लोगों का मानना है कि कर वृद्धि से गन्ने की कीमतों पर और दबाव बढ़ सकता है।मसिंडी शुगरकेन ग्रोअर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रॉबर्ट अतुगोंजा ने बताया कि, गन्ने का मूल्य कर कटौती के बाद बची हुई चीनी की शुद्ध कीमत के आधार पर तय किया जाता है। उन्होंने कहा कि, प्रस्तावित 100 शिलिंग प्रति किलोग्राम अतिरिक्त कर के कारण किसानों को हर टन गन्ने पर लगभग 9,000 शिलिंग का नुकसान हो सकता है।

ग्रेटर बुसोगा शुगरकेन फार्मर्स यूनियन के अध्यक्ष गॉडफ्रे बिरीवाली ने चेतावनी दी ,कि यदि गन्ने की कीमतों और 5 प्रतिशत ट्रैश कटौती जैसे मुद्दों का समाधान नहीं किया गया, तो किसान गन्ना उत्पादन छोड़कर अन्य फसलों की ओर रुख कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि, सरकार और मिलों को पहले सहमत मूल्य निर्धारण फार्मूले को लागू करना चाहिए और अतिरिक्त कटौतियां समाप्त करनी चाहिए। अन्यथा किसान बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर उत्पादकों को वैकल्पिक फसलें उगाने के लिए प्रेरित करेंगे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here