कर्नाटक : मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी से 22,400 करोड़ रुपये का सूखा राहत पैकेज जारी करने का किया आग्रह, गन्ना किसानों की मांगें भी उठाईं

बेंगलुरु : कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राज्य के लिए मांगी गई 22,400.58 करोड़ रुपये की सूखा राहत राशि जल्द जारी करने का आग्रह किया है। इसके साथ ही उन्होंने गन्ने की कीमत, चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य (MSP) और एथेनॉल आवंटन से जुड़ी मांगें भी उठाईं। शुक्रवार को भारतीय प्रबंधन संस्थान, बेंगलुरु (IIMB) में प्रधानमंत्री मोदी को ज्ञापन सौंपते हुए शिवकुमार ने कहा कि कर्नाटक में पिछले 70 वर्षों में दूसरी सबसे कम बारिश दर्ज की गई है। इसके चलते राज्य की 240 में से 226 तालुकों को सूखाग्रस्त घोषित करना पड़ा। उन्होंने बताया कि करीब 58 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में फसलें बर्बाद हुई हैं, जिससे अनुमानित 62,482 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

राज्य सरकार ने राष्ट्रीय आपदा मोचन कोष (NDRF) के तहत 22,400.58 करोड़ रुपये की सहायता मांगी है। शिवकुमार ने सूखे से प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए इस सहायता को जल्द मंजूरी देने और राशि जारी करने की मांग की। मुख्यमंत्री ने गन्ना उत्पादक किसानों की मांगों को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि, किसान वर्ष 2026-27 के सीजन के लिए गन्ने का मूल्य 5,500 रुपये प्रति टन चाहते हैं, जबकि वर्तमान उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) 3,650 रुपये प्रति टन है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

शिवकुमार ने केंद्र सरकार से चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य (MSP) संशोधित करने का भी आग्रह किया। यह मूल्य वर्ष 2019 से 31 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर है। इसके अलावा उन्होंने कर्नाटक को इथेनॉल आवंटन में उचित हिस्सा देने की मांग की। इस अवसर पर शिवकुमार ने भारत के औद्योगिक, वैज्ञानिक और तकनीकी विकास में कर्नाटक के योगदान को भी रेखांकित किया। उन्होंने बिजली उत्पादन, विमान निर्माण, औद्योगिक नीति और स्टार्टअप क्षेत्र में राज्य की शुरुआती उपलब्धियों का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि, शिवनसमुद्र में वर्ष 1902 में एशिया की पहली बिजली उत्पादन परियोजना शुरू हुई थी, जिससे कोलार गोल्ड फील्ड्स को बिजली की आपूर्ति की जाती थी। बेंगलुरु देश का पहला विद्युतीकृत शहर बना था। वहीं, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा स्थापित भारत की पहली विमान निर्माण इकाई भी कर्नाटक में है। मुख्यमंत्री ने बेंगलुरु को तकनीक और अनुसंधान के प्रमुख केंद्र के रूप में भी पेश किया। उन्होंने कहा कि शहर में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और मशीन लर्निंग (ML) के विशेषज्ञों की दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी प्रतिभा उपलब्ध है। वहीं, बीजिंग के बाद एशिया का दूसरा सबसे बड़ा AI-नेटिव क्लस्टर भी बेंगलुरु में है। उन्होंने यह भी कहा कि कर्नाटक में भारत का सबसे बड़ा चिप-डिजाइन इकोसिस्टम मौजूद है।

शिवकुमार के मुताबिक, राज्य में हर साल 1.5 लाख से अधिक इंजीनियर स्नातक होते हैं। कर्नाटक के औद्योगिक कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी 37 प्रतिशत है, जबकि राष्ट्रीय औसत 18 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि कुल निर्यात और प्रतिभा के सकारात्मक संतुलन के मामले में कर्नाटक देश में पहले स्थान पर है। वहीं, पिछले पांच वर्षों के दौरान जीएसटी संग्रह और कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) के मामले में राज्य दूसरे स्थान पर रहा है।

केंद्र और राज्य के बीच बेहतर सहयोग की वकालत करते हुए शिवकुमार ने कहा कि कर्नाटक देश के विकास के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम करने को तैयार है। बसवन्ना के ‘कर्म ही पूजा है’ के दर्शन और भगवद्गीता में कर्तव्य पालन के संदेश का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकारों को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर जनकल्याण को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कवि कुवेम्पु की ‘विश्वमानव’ की अवधारणा का भी उल्लेख किया। शिवकुमार ने कहा कि शासन व्यवस्था को संकीर्ण विभाजनों से ऊपर उठकर नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता सुधारने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here