होर्मुज संकट ने भारत की ऊर्जा सुरक्षा की कमजोरियां उजागर कीं, तेल भंडारण और वैकल्पिक आपूर्ति मार्ग बढ़ाने की जरूरत : एसएंडपी ग्लोबल

नई दिल्ली : होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में उत्पन्न संकट ने भारत की ऊर्जा सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसएंडपी ग्लोबल एनर्जी की एक विश्लेषणात्मक रिपोर्ट के अनुसार, भारत को अपनी दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कच्चे तेल के आयात स्रोतों में विविधता लाने, बड़े रणनीतिक तेल भंडार विकसित करने और आयात-निर्भर ईंधनों पर निर्भरता कम करने की आवश्यकता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि, हाल के वर्षों में भारत ने कच्चे तेल के आयात स्रोतों में विविधता लाने की कोशिश की है, लेकिन मौजूदा आपूर्ति संकट ने देश की ऊर्जा व्यवस्था की संरचनात्मक कमजोरियों को उजागर कर दिया है।

होर्मुज जलडमरूमध्य का बंद होना बना बड़ा कारण…

ChiniMandi WhatsApp Channel

एसएंडपी के अनुसार, फरवरी 2026 के अंत से होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रभावी रूप से बंद होने का असर भारत के तेल बाजार पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि, इस घटनाक्रम ने यह साबित कर दिया है कि आयात स्रोतों में विविधता लाने के बावजूद भारत अभी भी कच्चे तेल पर अत्यधिक निर्भर है, जिससे ऊर्जा सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। रिपोर्ट में सुझाव दिया गया है कि, भारत को ऊर्जा सुरक्षा को केवल तेल खरीदने की चुनौती के रूप में नहीं देखना चाहिए, बल्कि पूरी आपूर्ति श्रृंखला को अधिक लचीला और मजबूत बनाना होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि, देश को वैकल्पिक आपूर्ति मार्ग विकसित करने, रणनीतिक तेल भंडार बढ़ाने और ऐसे विकल्प तैयार करने की आवश्यकता है जो आयात-आधारित ऊर्जा पर निर्भरता को कम कर सकें।

एलपीजी आपूर्ति को लेकर भी बढ़ी चिंता…

रिपोर्ट में एलपीजी (रसोई गैस) को विशेष चिंता का विषय बताया गया है। भारत वर्तमान में एलपीजी आपूर्ति के लिए खाड़ी देशों पर काफी हद तक निर्भर है। होर्मुज संकट के दौरान यह निर्भरता स्पष्ट रूप से सामने आई है। एसएंडपी ने सुझाव दिया है कि, भारत को एलपीजी सहित महत्वपूर्ण ईंधनों के लिए वैकल्पिक आपूर्ति स्रोत विकसित करने चाहिए ताकि किसी एक क्षेत्र पर अत्यधिक निर्भरता से बचा जा सके। रिपोर्ट के अनुसार, सरकार और तेल रिफाइनरी कंपनियों ने वैकल्पिक आयात और आपूर्ति प्रबंधन के जरिए तत्काल संकट को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया है। हालांकि, यदि यह व्यवधान लंबे समय तक जारी रहता है तो स्थिति अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकती है।

त्योहारी सीजन में बढ़ सकती है मांग…

रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्तमान मानसून सीजन के दौरान ईंधन की मांग अपेक्षाकृत कम रहने से भंडार पर दबाव कम हो सकता है। लेकिन वर्ष के उत्तरार्ध में त्योहारों के दौरान ईंधन की मांग बढ़ने की संभावना है। से में यदि वैश्विक तेल आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो भारत के लिए ऊर्जा प्रबंधन और अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकता है। एसएंडपी ग्लोबल का मानना है कि होर्मुज संकट भारत के लिए एक महत्वपूर्ण चेतावनी है। भविष्य में भू-राजनीतिक तनावों और वैश्विक आपूर्ति बाधाओं का सामना करने के लिए देश को अधिक विविध, लचीली और मजबूत ऊर्जा प्रणाली विकसित करनी होगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here