बारिश की कमी से चीनी उत्पादन पर पड़ सकता है असर, लेकिन एथेनॉल से बनी रहेंगी संभावनाएं: एलारा सिक्योरिटीज

नई दिल्ली : जून महीने में मानसून की धीमी प्रगति और सामान्य से कम बारिश भारत के चीनी उद्योग के लिए चिंता का कारण बन सकती है। ‘सीएनबीसी टिव्ही18’ द्वारा प्रकाशित खबर के अनुसार, एलारा सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट (इंस्टीट्यूशनल इक्विटी) प्रशांत बियानी का कहना है कि, यदि आने वाले दिनों में वर्षा की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो देश के चीनी उत्पादन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

बियानी के अनुसार, महाराष्ट्र और कर्नाटक ऐसे राज्य हैं जो कमजोर मानसून और एल-नीनो जैसी परिस्थितियों में सबसे अधिक प्रभावित होते हैं, क्योंकि इन राज्यों में गन्ने की खेती काफी हद तक वर्षा पर निर्भर करती है। वहीं, उत्तर प्रदेश नहर सिंचाई व्यवस्था के कारण अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति में है, हालांकि लगातार कम बारिश होने पर यहां भी कुछ असर देखने को मिल सकता है। उन्होंने कहा कि, गन्ने की फसल के लिए मानसून के चार प्रमुख महीनों—जून, जुलाई, अगस्त और सितंबर—में पर्याप्त पानी उपलब्ध होना बेहद जरूरी है। विशेष रूप से महाराष्ट्र और कर्नाटक में अच्छी बारिश गन्ना उत्पादन के लिए अहम भूमिका निभाती है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

मानसून की धीमी रफ्तार बढ़ा रही चिंता…

स्काईमेट वेदर सर्विसेज के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पश्चिमी तट पर शुरुआती बढ़त के बाद 8 जून से लगभग ठहराव की स्थिति बना ली है। इससे प्रमुख कृषि क्षेत्रों में बारिश को लेकर चिंता बढ़ गई है। देशभर में वर्षा की कमी का स्तर पहले ही 32 प्रतिशत तक पहुंच चुका है और यदि मौसम की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो अगले सप्ताह यह घाटा 40 प्रतिशत तक बढ़ सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार और झारखंड उन राज्यों में शामिल हैं जहां कम बारिश का जोखिम सबसे अधिक है। हालांकि, जुलाई और अगस्त के महीनों में मानसून की सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है, जिससे स्थिति में सुधार संभव है।

एथेनॉल नीति से चीनी उद्योग को मिलेगा सहारा…

बारिश को लेकर चिंताओं और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बावजूद चीनी उद्योग का दीर्घकालिक दृष्टिकोण सकारात्मक बना हुआ है। सरकार द्वारा एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम को बढ़ावा देने और 100 प्रतिशत एथेनॉल पर चलने वाले फ्लेक्स-फ्यूल इंजन को मंजूरी देने जैसे कदम उद्योग के लिए नए अवसर पैदा कर रहे हैं। प्रशांत बियानी का मानना है कि, इस वर्ष कम उत्पादन के कारण चीनी की कीमतें मजबूत बनी रह सकती हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि हाल के दिनों में कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण चीनी कंपनियों के शेयरों में आई तेजी कुछ हद तक कम हो सकती है।

सरकारी हस्तक्षेप से बाजार रहेगा संतुलित…

बियानी के अनुसार, चीनी क्षेत्र में सरकारी नीतियों का प्रभाव काफी अधिक रहता है, इसलिए इसमें अत्यधिक तेजी या गिरावट की संभावना सीमित रहती है। यदि गन्ने का उत्पादन कम होता है तो सरकार एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी के उपयोग को सीमित कर सकती है, जिससे चीनी उत्पादन बढ़ेगा और बाजार में संतुलन बना रहेगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here