मनीला : फिलीपींस में सतत विमानन ईंधन (SAF) उद्योग के विकास को गति देने के लिए बोर्ड ऑफ इन्वेस्टमेंट्स और आइलैंड स्काईज एलायंस इंक. के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। दोनों संगठनों ने संयुक्त रूप से इस पहल की घोषणा की। इस साझेदारी का उद्देश्य फिलीपींस को सतत विमानन ईंधन (SAF) क्षेत्र में निवेश के लिए दक्षिण-पूर्व एशिया का प्रमुख केंद्र बनाना है। समझौते के तहत दोनों पक्ष उद्योग के विकास के लिए अपनी पहलों और संसाधनों का समन्वय करेंगे तथा टिकाऊ विकास, नवाचार और समावेशी आर्थिक वृद्धि पर विशेष ध्यान देंगे।
SAF उद्योग के लिए अनुकूल है फिलीपींस…
बोर्ड ऑफ इन्वेस्टमेंट्स के प्रबंध प्रमुख सेफेरिनो रोडोल्फो ने कहा कि, तेजी से बढ़ते विमानन क्षेत्र, प्रचुर मात्रा में उपलब्ध कच्चे माल (फीडस्टॉक) और अनुकूल नीतिगत वातावरण के कारण फिलीपींस सतत विमानन ईंधन उद्योग के विकास के लिए बेहद उपयुक्त है। उन्होंने कहा, SAF में निवेश करना भविष्य में निवेश करने के समान है। फिलीपींस के पास वह सभी संसाधन मौजूद हैं, जो इसे वैश्विक स्तर पर SAF का अग्रणी केंद्र बना सकते हैं।
साझेदारी से मिलेगा उद्योग को नया आयाम…
आइलैंड स्काइज अलायंस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जुनार्ड क्रूज़ ने कहा कि, राष्ट्रीय जैव ईंधन बोर्ड की SAF समिति में बोर्ड ऑफ इन्वेस्टमेंट्स की भूमिका निवेश को बढ़ावा देने और देश की आर्थिक क्षमता को बेहतर ढंग से उपयोग में लाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। उन्होंने कहा कि, फिलीपींस में SAF उद्योग की अपार संभावनाओं को साकार करने के लिए उद्योग से जुड़े सभी हितधारकों के बीच निरंतर सहयोग आवश्यक है। वहीं, आइलैंड स्काइज अलायंस के साझेदारी एवं सहयोग निदेशक एलन रिल्लेरा ने कहा कि यह समझौता उद्योग के विस्तार, निवेश आकर्षित करने, नीतिगत विकास को समर्थन देने, स्थानीय क्षमताओं को मजबूत करने और रणनीतिक साझेदारियों को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा।
क्या है आइलैंड स्काइज अलायंस?
आइलैंड स्काइज अलायंस एक गैर-लाभकारी विमानन-केंद्रित संगठन है, जो फिलीपींस में सतत विमानन ईंधन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न हितधारकों को एक मंच पर लाने, बाजार की चुनौतियों को दूर करने और व्यावसायिक रूप से व्यवहार्य परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का कार्य करता है।विशेषज्ञों का मानना है कि, यह साझेदारी फिलीपींस को हरित ऊर्जा और स्वच्छ विमानन ईंधन के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।


















