नई दिल्ली : केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भारत में वायु प्रदूषण में परिवहन क्षेत्र के योगदान को रेखांकित किया है। द इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कहा कि सड़क बुनियादी ढांचे और ऑटोमोबाइल क्षेत्र के विस्तार में अपनी भूमिका के कारण वह देश के 40 प्रतिशत प्रदूषण के लिए खुद को जिम्मेदार मानते हैं। मंगलवार को दिल्ली में आयोजित 14वें सीआईआई बायोएनर्जी समिट में बोलते हुए गडकरी ने वाहनों की बढ़ती संख्या और भारत के ऑटोमोबाइल उद्योग के विस्तार के पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभावों पर चर्चा की। उन्होंने प्रदूषण और आयातित ईंधन पर निर्भरता कम करने के लिए जैव ईंधन तथा वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।
गडकरी ने कहा, “मैं परिवहन मंत्री हूं। देश में होने वाले 40 प्रतिशत वायु प्रदूषण के लिए मैं जिम्मेदार हूं।”उन्होंने बताया कि सड़क नेटवर्क के विस्तार से अधिक लोगों को वाहन खरीदने और उनका इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहन मिला है, जिससे उत्सर्जन में वृद्धि हुई है। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान ऑटोमोबाइल उद्योग के विकास का भी उल्लेख किया।उन्होंने कहा, “जब मैंने मंत्री पद संभाला था, तब ऑटोमोबाइल उद्योग का आकार 14 लाख करोड़ रुपये था। आज यह 22 लाख करोड़ रुपये का हो गया है। पहले हम वैश्विक स्तर पर सातवें स्थान पर थे। अब जापान को पीछे छोड़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।”
गोबरधन योजना के तहत 3,000 बायोएनर्जी प्लांट्स लगाने की योजना
जैव ऊर्जा उत्पादन की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए गडकरी ने कहा कि गोबरधन योजना के तहत लगभग 3,000 प्लांट्स स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें से 250 संयंत्रों ने काम शुरू कर दिया है, जबकि करीब 200 प्लांट्स स्थापित किए जाने की प्रक्रिया में हैं। उन्होंने कहा कि कृषि अवशेषों को जलाने से रोकने पर दिल्ली के वायु प्रदूषण की समस्या को कम करने के साथ-साथ जैव ऊर्जा उत्पादन के नए अवसर भी पैदा किए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा, “अगर पराली नहीं जलाई जाएगी, तो दिल्ली में प्रदूषण नहीं होगा। इसलिए जैव ऊर्जा में अपार संभावनाएं हैं।”गडकरी ने विमानन क्षेत्र में जैव ईंधन के इस्तेमाल पर भी चर्चा की। उन्होंने सतत विमानन ईंधन (SAF) में 2 प्रतिशत जैव ईंधन मिश्रण अनिवार्य करने को लेकर वैश्विक स्तर पर चल रही चर्चाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि, SAF का उत्पादन सीधे एथेनॉल या रेक्टिफाइड स्पिरिट से किया जा सकता है। इसके अलावा आइसोब्यूटेनॉल के इस्तेमाल को लेकर भी प्रयोग किए जा रहे हैं।
गडकरी के अनुसार, आइसोब्यूटेनॉल डीजल के विकल्प के रूप में उभर सकता है। उन्होंने बताया कि किर्लोस्कर ने पूरी तरह एथेनॉल और आइसोब्यूटेनॉल से चलने वाले जनरेटर सेट विकसित किए हैं। इसके अलावा इन ईंधनों से चलने वाला ट्रैक्टर इंजन भी तैयार किया गया है।उन्होंने कहा कि, इस तकनीक के उद्घाटन के लिए उन्होंने तारीख मांगी है। उन्हें उम्मीद है कि इन ईंधनों का इस्तेमाल बढ़ने से एथेनॉल से चलने वाले ट्रैक्टर बाजार में उपलब्ध हो सकेंगे।
कार्बन डाइऑक्साइड से यूरिया और डीएमई बनाने का प्रस्ताव
केंद्रीय मंत्री ने उद्योगों से निकलने वाली कार्बन डाइऑक्साइड का इस्तेमाल यूरिया और डाइमिथाइल ईथर (DME) जैसे उत्पादों के निर्माण में करने की संभावनाओं पर भी जोर दिया।उन्होंने कहा कि पानी का इलेक्ट्रोलिसिस करके प्राप्त हाइड्रोजन को कार्बन डाइऑक्साइड के साथ मिलाकर यूरिया का उत्पादन किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि विद्युत मंत्रालय ने इस प्रस्तावित तकनीक से संबंधित निविदा भी जारी की है। गडकरी ने कहा, “मैं लगातार इस विचार पर काम कर रहा हूं कि यदि इलेक्ट्रोलाइजर प्रक्रिया के माध्यम से पानी से हाइड्रोजन निकाला जाए और उसे 16 प्रतिशत CO2 के साथ मिलाया जाए, तो इसका उपयोग यूरिया उत्पादन में किया जा सकता है।”गडकरी ने भारत के उर्वरक आयात पर होने वाले खर्च का भी उल्लेख किया। उनका दावा है कि इस तकनीक के जरिए देश में ही यूरिया का उत्पादन करने से 6 लाख करोड़ रुपये के आयात खर्च की बचत हो सकती है।
आयात पर निर्भरता घटाने के लिए डीएमई-एलपीजी मिश्रण
गडकरी ने वैकल्पिक ईंधन के रूप में डीएमई की संभावनाओं और तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (LPG) के आयात पर भारत की निर्भरता कम करने में इसकी भूमिका को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भारत में डीएमई का उत्पादन किया जा सकता है और इसे एलपीजी के साथ 40 प्रतिशत तक मिलाया जा सकता है। उनके अनुसार, इससे आयात में काफी कमी आएगी।उन्होंने कहा, “आयात का विकल्प तैयार करना, लागत प्रभावी समाधान, प्रदूषण मुक्त विकल्प और स्वदेशी उत्पादन हमारी नीतियां हैं।” गडकरी ने बताया कि सरकार एथेनॉल, मेथनॉल, बायोडीजल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस (LNG) सहित कई वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों पर काम कर रही है। इसके साथ ही गैस आधारित अर्थव्यवस्था विकसित करने और हाइड्रोजन को बढ़ावा देने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

















