बेंगलुरु: कर्नाटक हाईकोर्ट ने तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL), हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) — को एथेनॉल आपूर्ति आवंटन बढ़ाने संबंधी याचिका पर चार सप्ताह के भीतर विचार करने का निर्देश दिया है। हावेरी जिले की एम/एस विन्प डिस्टिलरीज एंड शुगर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति एम. नागप्रसन्ना ने कहा कि, याचिकाकर्ता को ओएमसी की 27 अक्टूबर 2025 की प्रस्तुति पर निर्णय लेने के लिए रिट ऑफ मैंडेमस जारी करने का अधिकार प्राप्त है। विशेष रूप से तब, जब कंपनियों ने स्वयं समझौते की धारा 6.8 का उपयोग करते हुए एथेनॉल खरीद को 1.44 करोड़ लीटर से बढ़ाकर 3.92 करोड़ लीटर किया था।
अदालत ने कहा कि, ओएमसी धारा 6.8 का चयनात्मक या आंशिक उपयोग नहीं कर सकतीं। याचिकाकर्ता द्वारा मांगी गई 9.90 करोड़ लीटर एथेनॉल की अतिरिक्त आपूर्ति को केवल मनमाने ढंग से अस्वीकार नहीं किया जा सकता। यदि ऐसा किया गया तो इस धारा का संचालन कंपनियों की इच्छानुसार हो जाएगा, जो कानून की भावना के विपरीत है।याचिकाकर्ता कंपनी की स्थापना विशेष रूप से तेल विपणन कंपनियों को एथेनॉल आपूर्ति करने के उद्देश्य से की गई थी। अगस्त 2021 में ओएमसी ने एथेनॉल की कमी वाले राज्यों में समर्पित एथेनॉल संयंत्रों के साथ दीर्घकालिक आपूर्ति समझौते (LTOA) करने के लिए निविदा जारी की थी, जिसके लिए उसी वर्ष सितंबर में बोलियां खोली गई थीं।
इसके बाद मार्च 2023 में ओएमसी ने कुछ राज्यों में नए दीर्घकालिक समझौतों के लिए दूसरी अभिरुचि अभिव्यक्ति (EOI) जारी की। सितंबर 2025 में कंपनियों ने एथेनॉल आपूर्ति वर्ष 2025-26 के लिए 1,050 करोड़ लीटर डिनैचर्ड एनहाइड्रस एथेनॉल की आपूर्ति हेतु निविदा आमंत्रित की।याचिकाकर्ता का कहना है कि 17 अक्टूबर 2025 को ई-मेल के माध्यम से उसे केवल 3.92 करोड़ लीटर एथेनॉल का आवंटन किया गया, जबकि उसकी बोली के अनुसार 9.26 करोड़ लीटर एथेनॉल की मांग स्वीकार की जानी चाहिए थी। इसी के बाद कंपनी ने आवंटन बढ़ाने की मांग को लेकर अदालत का दरवाजा खटखटाया।


















