होशियारपुर : पंजाब के होशियारपुर जिले के एक छोटे से गांव से शुरू हुई दो भाइयों की नवाचार यात्रा आज देशभर के किसानों के लिए मिसाल बन गई है। गन्ना किसानों को भारी ट्रॉलियों के परिवहन में आने वाली समस्याओं का समाधान खोजते हुए इन भाइयों ने ऐसी तकनीक विकसित की है, जिससे ट्रैक्टर पर बोझ कम होता है, ईंधन की बचत होती है और परिवहन अधिक आसान एवं सुरक्षित बनता है। ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ में प्रकाशित खबर के मुताबिक, मलकीत सिंह (41) और उनके छोटे भाई गुरमीत सिंह, जो जैलदार इनोवेशंस के संस्थापक हैं, ने एक पेटेंटेड पावर टेक-ऑफ (PTO) आधारित ट्रॉली तकनीक विकसित की है। यह तकनीक भारी लदी ट्रॉलियों को स्वयं चलने में सहायता करती है, जिससे ट्रैक्टर को अतिरिक्त खिंचाव नहीं करना पड़ता।
गन्ना खेतों की समस्या से जन्मा नवाचार…
पंजाब के गन्ना उत्पादक क्षेत्र में किसान परिवार में जन्मे मलकीत सिंह ने बताया कि, इस तकनीक का विचार उन्हें खेतों में बार-बार दिखाई देने वाली एक समस्या से मिला। उन्होंने कहा कि, भारी गन्ना लदी ट्रॉलियां अक्सर खेतों और कच्चे रास्तों में फंस जाती थीं। कई बार एक ट्रॉली को निकालने के लिए दो या तीन ट्रैक्टर लगाने पड़ते थे, जिससे किसानों का ईंधन और श्रम खर्च काफी बढ़ जाता था। मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा करने के बाद मलकीत सिंह ने एस्कॉर्ट्स लिमिटेड के अनुसंधान एवं विकास विभाग में काम किया, जबकि गुरमीत सिंह सोनालिका ट्रैक्टर्स से जुड़े थे। अच्छी नौकरी होने के बावजूद दोनों भाइयों ने किसानों के लिए तकनीकी समाधान विकसित करने का फैसला किया।
कैसे काम करती है यह तकनीक?
वर्ष 2019 में नौकरी छोड़ने के बाद मलकीत सिंह ने ऐसी तकनीक पर काम शुरू किया, जिससे ट्रॉली केवल खींची न जाए, बल्कि खुद भी ट्रैक्टर की मदद करे। जैलदार इनोवेशंस द्वारा विकसित PTO सिस्टम ट्रैक्टर की PTO शाफ्ट से शक्ति लेकर विशेष गियरबॉक्स और ड्राइवलाइन के माध्यम से ट्रॉली के एक्सल तक पहुंचाता है। इससे ट्रॉली के पहियों को भी शक्ति मिलती है और वे आगे बढ़ने में सक्रिय भूमिका निभाते हैं।कंपनी के अनुसार, इस तकनीक से ट्रैक्शन बेहतर होता है, पहियों की फिसलन कम होती है, अधिक भार ढोया जा सकता है और गन्ना, धान, अनाज सहित अन्य कृषि उत्पादों के परिवहन में सुरक्षा भी बढ़ती है।
पुरानी ट्रॉलियों में भी लगाया जा सकता है सिस्टम…
इस नवाचार की खास बात यह है कि, किसानों को नई ट्रॉली खरीदने की जरूरत नहीं है। मौजूदा ट्रॉलियों में भी PTO सिस्टम लगाया जा सकता है। इसकी लागत ट्रैक्टर की क्षमता के अनुसार 75 हजार से 1 लाख रुपये तक आती है।वहीं कंपनी द्वारा निर्मित पूरी PTO संचालित ट्रॉलियों की कीमत 4 लाख से 12 लाख रुपये के बीच है।
पांच ट्रॉलियों से शुरू हुआ कारोबार, अब करोड़ों का व्यवसाय…
साल 2020 में जहां कंपनी केवल 5 से 6 ट्रॉलियां बनाती थी, वहीं अब हर वर्ष करीब 200 ट्रॉलियों की आपूर्ति कर रही है। कंपनी का कारोबार पिछले वर्ष लगभग 18 करोड़ रुपये तक पहुंच गया और इस वर्ष इसके 70 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है। कंपनी के अनुसार, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक समेत कई राज्यों से इन ट्रॉलियों की मांग आ रही है।दूरदराज के राज्यों के लिए मुख्य तकनीकी उपकरण पंजाब से भेजे जाते हैं, जबकि निर्माण और असेंबली स्थानीय स्तर पर की जाती है ताकि परिवहन लागत कम हो सके।
ग्रामीण युवाओं को मिल रहा रोजगार…
यह उद्यम ग्रामीण रोजगार का भी बड़ा स्रोत बन गया है। कंपनी के माध्यम से फैब्रिकेशन, वेल्डिंग, इंजीनियरिंग, लॉजिस्टिक्स और अन्य सेवाओं में लगभग 150 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है। इनमें अधिकांश कर्मचारी आसपास के गांवों से हैं।मलकीत सिंह ने कहा कि, उनका मुख्य उद्देश्य किसानों की लागत कम करना और सस्ती तकनीक के माध्यम से कृषि परिवहन को आसान बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस क्षेत्र में अभी भी विकास की अपार संभावनाएं हैं।


















