पानीपत : हरियाणा सरकार ने राज्य के जैव ईंधन और चीनी उद्योग को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की कि, सहकारिता विभाग के तहत पानीपत शुगर मिल में लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से 90 किलोलीटर प्रतिदिन (KLPD) क्षमता का मल्टी-फीड एथेनॉल प्लांट स्थापित किया जाएगा।मुख्यमंत्री के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है और निविदा प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के लिए मामला हाई-पावर्ड परचेज कमेटी (HPPC) के समक्ष भेजा जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के वर्ष 2027-28 तक पूरी होने की संभावना है।
नया एथेनॉल प्लांट स्थापित होने से गन्ना आधारित उद्योगों को मजबूती मिलेगी और इथेनॉल उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। मल्टी-फीड तकनीक के कारण प्लांट में विभिन्न कृषि आधारित कच्चे माल का उपयोग कर एथेनॉल का उत्पादन किया जा सकेगा। इससे किसानों को अतिरिक्त बाजार उपलब्ध होने के साथ-साथ जैव ईंधन क्षेत्र को भी नई गति मिलेगी।इसके अलावा, आपदा प्रबंधन क्षमता को मजबूत करने के लिए लगभग 120 करोड़ रुपये की लागत से 104 मीटर ऊंचे एरियल लैडर प्लेटफॉर्म की खरीद प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। इस संबंध में संशोधित प्रस्ताव सरकार को भेज दिया गया है।


















