हरियाणा: पानीपत शुगर मिल में 200 करोड़ रुपये की मल्टी-फीड एथेनॉल प्लांट को मंजूरी

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने राज्य में औद्योगिक और कृषि आधारित बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पानीपत शुगर मिल में नए मल्टी-फीड एथेनॉल प्लांट की स्थापना को मंजूरी दे दी है।इस परियोजना की समीक्षा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हरियाणा सिविल सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय ‘प्रगति’ बैठक में की गई। बैठक में राज्यभर में 75 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति का भी आकलन किया गया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि, सहकारिता विभाग के तहत विकसित किए जाने वाले इस एथेनॉल प्लांट की उत्पादन क्षमता 90 KLPD (किलोलीटर प्रतिदिन) होगी। इस परियोजना पर लगभग 200 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार, परियोजना को पहले ही प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है और अब इसे निविदा (टेंडर) प्रक्रिया पूरी करने के लिए हाई-पावर्ड परचेज कमेटी (HPPC) के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य इस एथेनॉल प्लांट का निर्माण वित्तीय वर्ष 2027-28 तक पूरा करने का है। समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को स्वीकृत परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर होने वाली देरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एथेनॉल परियोजना के अलावा बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, आपदा प्रबंधन और औद्योगिक विकास से जुड़ी कई प्रमुख आधारभूत संरचना एवं सार्वजनिक क्षेत्र की परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी सहित राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here