सुवा (फिजी) : शुगर केन ग्रोअर्स फंड द्वारा किसानों से गन्ने की कटाई जारी रखने और उद्योग के लिए घोषित सहायता योजनाओं का लाभ उठाने की अपील के बीच, नेशनल फार्मर्स यूनियन (एनएफयू) के महासचिव महेंद्र चौधरी ने स्पष्ट कहा है कि जब तक गन्ने की डिलीवरी पर मिलने वाला भुगतान नहीं बढ़ाया जाता और न्यूनतम गारंटीकृत गन्ना मूल्य 85 डॉलर से बढ़ाकर 110 डॉलर प्रति टन नहीं किया जाता, तब तक किसान कटाई शुरू नहीं करेंगे। फिजी विलेज न्यूज़ से बातचीत में चौधरी ने कहा कि, यह निर्णय किसानों ने स्वयं लिया है। उन्होंने बताया कि, उन्होंने सभी गन्ना उत्पादक क्षेत्रों में किसानों के साथ बैठकें की हैं और यह मांग किसानों की सामूहिक आवाज़ है।
चौधरी ने कहा कि, शुगर केन ग्रोअर्स फंड को किसानों को यह बताने का अधिकार नहीं है कि उन्हें क्या करना चाहिए। उनका कहना है कि यह फंड किसानों का है और इसे किसानों के हित में काम करना चाहिए, न कि उन्हें घाटे में गन्ना काटने की सलाह देनी चाहिए। उन्होंने सरकार द्वारा घोषित 50 लाख डॉलर की ईंधन सब्सिडी पर भी सवाल उठाए। चौधरी के अनुसार, इस सहायता का सीधा लाभ किसानों को नहीं मिलेगा, बल्कि यह ट्रक, लॉरी और हार्वेस्टर ऑपरेटरों तक सीमित है। उन्होंने कहा कि संबंधित संगठनों ने भी इस सब्सिडी को अपर्याप्त बताते हुए इसे खारिज कर दिया है।
जब उनसे पूछा गया कि, यदि किसान गन्ना नहीं काटते तो इसका असर क्या होगा, चौधरी ने कहा कि उद्योग की गिरती स्थिति के लिए किसानों को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि फिजी शुगर कॉरपोरेशन के खराब प्रबंधन के कारण उद्योग संकट में पहुंचा है। फिजी लेबर पार्टी के नेता होने के कारण इस मुद्दे के राजनीतिकरण के आरोपों पर चौधरी ने कहा कि यह कोई राजनीतिक मामला नहीं, बल्कि पूरी तरह आर्थिक मुद्दा है। उन्होंने दोहराया कि सभी फैसले किसानों ने स्वयं लिए हैं और पश्चिमी डिवीजन तथा लाबासा में आयोजित हर बैठक में इनका समर्थन किया गया है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि, संसदीय विशेष समिति की चीनी उद्योग पर रिपोर्ट, जो पिछले वर्ष नवंबर में प्रस्तुत होनी थी, अब तक क्यों लंबित है।
सरकार और फंड ने किसानों से कटाई शुरू करने की अपील की…
दूसरी ओर, शुगर केन ग्रोअर्स फंड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राज शर्मा ने सरकार द्वारा दी गई अतिरिक्त सहायता का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सप्ताह उद्योग के लिए चुनौतीपूर्ण रहे हैं, लेकिन सरकार और हितधारकों ने मिलकर व्यावहारिक समाधान खोजने का प्रयास किया है। शर्मा ने कहा कि, सरकार अपनी वित्तीय सीमाओं के बावजूद चीनी उद्योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखा रही है। उन्होंने बताया कि, फंड ने भी इस कठिन कटाई सत्र के दौरान किसानों और उद्योग को प्रत्यक्ष तथा अप्रत्यक्ष वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि वैश्विक चीनी कीमतों में भारी गिरावट आई है और वे पहले के मुकाबले लगभग आधी रह गई हैं, जबकि ईंधन और संचालन लागत अब भी ऊंची बनी हुई है। इसके बावजूद सरकार ने 85 डॉलर प्रति टन का गारंटीकृत गन्ना मूल्य बरकरार रखा है, जो अन्य कृषि क्षेत्रों को उपलब्ध नहीं है।
राज शर्मा ने बताया कि, गन्ना उत्पादक क्षेत्रों में हुई बैठकों के दौरान किसानों ने गारंटीकृत मूल्य और बढ़ती ईंधन लागत से राहत की मांग की थी। सरकार की ओर से दी गई ईंधन सब्सिडी इसी दिशा में एक कदम है। उन्होंने कहा कि, उद्योग कई संरचनात्मक चुनौतियों का सामना कर रहा है। फंड भूमि पट्टों, उद्योग की स्थिरता और अन्य सुधारों को लेकर सक्रिय रूप से सुझाव देता रहा है।शर्मा के अनुसार, पिछले 24 महीनों में फंड ने किसानों के ऋण पर ब्याज दर 6 प्रतिशत से घटाकर 3.95 प्रतिशत कर दी है और मॉर्गेज प्रोटेक्शन इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई हैं।
उन्होंने फंड से जुड़े 4,000 से अधिक किसानों से जल्द कटाई शुरू करने की अपील करते हुए कहा कि कटाई का चरम सीजन शुरू हो चुका है और देरी से किसानों की लागत और बढ़ेगी, विशेष रूप से बारिश का मौसम नजदीक होने के कारण।शर्मा ने चेतावनी दी कि, समय पर कटाई नहीं होने से उत्पादन लक्ष्य, निर्यात प्रतिबद्धताएं और बाजार के अवसर प्रभावित हो सकते हैं। साथ ही किसानों की ऋण चुकाने की क्षमता पर भी असर पड़ेगा। उन्होंने खुलासा किया कि फंड के 3.7 करोड़ डॉलर के ऋण पोर्टफोलियो में से लगभग 50 लाख डॉलर ऐसे किसानों से जुड़े हैं जिनका उत्पादन 50 टन से कम रहा है। इन खातों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और प्रभावित किसानों को सहायता दी जा रही है।राज शर्मा ने कहा कि, फंड किसानों और पूरे चीनी उद्योग के हित में हरसंभव सहयोग जारी रखेगा।


















