नैरोबी: गन्ना किसानों ने चीनी आयात शुल्क को 4 शिलिंग से बढ़ाकर 40 शिलिंग प्रति किलोग्राम करने के संसद के फैसले का स्वागत किया है। किसानों का मानना है कि, यह कदम देश के संघर्षरत चीनी उद्योग को पुनर्जीवित करने और स्थानीय उत्पादकों को अनुचित प्रतिस्पर्धा से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। शुगर कैंपेन फॉर चेंज (SUCAM) के माध्यम से किसानों ने वित्त विधेयक 2026 का समर्थन किया, जिसे 18 जून को नेशनल असेंबली ने पारित किया था।किसानों ने राष्ट्रपति विलियम रूटो से इस विधेयक को मंजूरी देने की अपील भी की है SUCAM के समन्वयक माइकल अरुम ने कहा कि, आयात शुल्क में यह बढ़ोतरी उस उद्योग को मजबूती देगी, जिससे खेती, परिवहन, व्यापार और चीनी मिलों के संचालन के माध्यम से लाखों केन्याई नागरिकों की आजीविका जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि, विधेयक का समर्थन करने वाले 122 सांसदों ने उन लाखों परिवारों के हितों की रक्षा की है, जो चीनी उद्योग पर निर्भर हैं।
बढ़ती कीमतों की आशंका को किसानों ने किया खारिज…
आयात शुल्क बढ़ाने के प्रस्ताव पर कुछ आलोचकों ने चिंता जताई है कि इससे आयातित चीनी महंगी होगी और उपभोक्ताओं को अधिक कीमत चुकानी पड़ेगी। हालांकि, किसानों का कहना है कि पिछले अनुभव इस दावे का समर्थन नहीं करते। SUCAM के अनुसार, अधिक आयात होने के बावजूद अतीत में चीनी की कीमतों में वृद्धि हुई है। संगठन के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2017 में केन्या ने लगभग 10 लाख टन चीनी आयात की थी, लेकिन इसके बावजूद खुदरा कीमतें 115.60 शिलिंग से बढ़कर 132 शिलिंग प्रति किलोग्राम हो गई थीं। इसी तरह, 2022 से 2023 के बीच चीनी आयात लगभग दोगुना हुआ, फिर भी उपभोक्ता कीमतें 140 शिलिंग से बढ़कर 196 शिलिंग प्रति किलोग्राम तक पहुंच गईं।किसानों का तर्क है कि केवल आयात की मात्रा ही चीनी की खुदरा कीमतों को निर्धारित नहीं करती। स्थानीय उत्पादन को संरक्षण देने से उद्योग की दीर्घकालिक स्थिरता मजबूत होगी।
‘कॉमेसा’ देशों से व्यापारिक विवाद की आशंका भी खारिज…
SUCAM ने यह भी कहा कि, आयात शुल्क बढ़ाने से कॉमन मार्केट फॉर ईस्टर्न एंड सदर्न अफ्रीका (COMESA) के सदस्य देशों की ओर से किसी प्रतिशोधात्मक व्यापारिक कार्रवाई की आशंका नहीं है। संगठन का कहना है कि, केन्या की बड़ी मात्रा में चीनी आयात COMESA मुक्त व्यापार क्षेत्र के बाहर के देशों से होती है। साथ ही मिस्र जैसे देशों ने भी अपने घरेलू उत्पादकों की सुरक्षा के लिए चीनी आयात पर प्रतिबंधात्मक उपाय लागू किए हैं।
निजीकरण के बाद किसानों की समस्याएं बढ़ीं…
माइकल अरुम ने कहा कि, सरकारी स्वामित्व वाली चीनी मिलों को निजी निवेशकों को लीज पर देने जैसी हालिया सुधार प्रक्रियाओं के बावजूद चीनी क्षेत्र अभी भी कमजोर स्थिति में है। उन्होंने बताया कि, इस बदलाव के कारण किसानों को मिलने वाली कई सुविधाएं प्रभावित हुई हैं, जिनमें कृषि सलाह सेवाएं, समन्वित कटाई कार्यक्रम और आउट-ग्रोवर संस्थाएं शामिल हैं। इसके चलते किसानों को कटाई में देरी, परिवहन संबंधी बाधाएं और मिलों के वजन केंद्रों पर लंबी प्रतीक्षा जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी आय प्रभावित हो रही है।
उद्योग को रणनीतिक क्षेत्र के रूप में देखने की जरूरत…
अरुम का मानना है कि, चीनी उद्योग को केवल इस आधार पर नहीं आंका जाना चाहिए कि उसे सरकारी संरक्षण की आवश्यकता है या नहीं। इसे एक ऐसे रणनीतिक क्षेत्र के रूप में देखा जाना चाहिए, जो वर्तमान में पुनर्गठन के दौर से गुजर रहा है। किसानों को उम्मीद है कि आयात शुल्क में प्रस्तावित वृद्धि से उद्योग को स्थिरता मिलेगी, गन्ना उत्पादकों की आय बढ़ेगी और स्थानीय चीनी उत्पादन में निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा।

















