नैरोबी : राष्ट्रपति विलियम रुटो ने घोषणा की है कि, गन्ना किसानों को चीनी मिलों में गन्ने की आपूर्ति करने के सात दिनों के भीतर भुगतान किया जाएगा। इसके साथ ही सरकार द्वारा किए जा रहे कृषि सुधारों के तहत गन्ना उत्पादकों को पहली बार बोनस देने की व्यवस्था भी की जाएगी। किस्सी काउंटी के बोनचारी निर्वाचन क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति रुटो ने कहा कि सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसके तहत कृषि आदानों की लागत कम करने, डिजिटल पंजीकरण का विस्तार करने और कृषि क्षेत्र में सक्रिय बिचौलियों तथा कार्टेल पर अंकुश लगाने के कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि, गन्ना किसानों को अब पहली बार बोनस का लाभ मिलेगा। इससे वे कृषि क्षेत्र की अन्य फसलों के उत्पादकों के समान सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि चीनी मिलों के कर्मचारियों को अब हर महीने नियमित रूप से वेतन दिया जा रहा है। राष्ट्रपति ने कॉफी किसानों की आय में हुई बढ़ोतरी का उदाहरण देते हुए बताया कि पहले जहां किसानों को कॉफी के लिए औसतन 70 केन्याई शिलिंग (Ksh) प्रति किलो मिलते थे, वहीं अब उन्हें 150 शिलिंग प्रति किलो तक मिल रहे हैं।
इसके अलावा, चाय किसानों की आमदनी बढ़ाने और उन्हें बेहतर बोनस उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार चाय कारखानों के आधुनिकीकरण पर 4.2 अरब केन्याई शिलिंग खर्च करेगी। रुटो ने चाय कारखानों के सामने मौजूद प्रमुख चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि खराब प्रबंधन, पुराना बुनियादी ढांचा और बिजली की अधिक लागत इस क्षेत्र की प्रगति में बाधा बन रही है।
सहकारी समितियों के लिए नया कानून लाने की तैयारी
राष्ट्रपति ने सहकारी समितियों के कामकाज में सुधार के लिए नए सहकारिता विधेयक (Cooperatives Bill) पर हस्ताक्षर करने की योजना की भी घोषणा की। इस प्रस्तावित कानून का उद्देश्य सहकारी संस्थाओं में बेहतर प्रबंधन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है। प्रस्तावित कानून के तहत सहकारी समितियों के निदेशकों का कार्यकाल अधिकतम तीन-तीन वर्ष की दो अवधियों तक सीमित रखने का प्रावधान किया जाएगा।
चाय किसानों के बोनस में असमानता दूर करने की मांग
इस बीच, किस्सी काउंटी के गवर्नर सिम्बा अराती ने चाय किसानों को मिलने वाले बोनस में क्षेत्रीय असमानता समाप्त करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि, रिफ्ट वैली के पश्चिमी हिस्से के चाय उत्पादकों को पूर्वी क्षेत्र के किसानों की तुलना में कम भुगतान और बोनस मिल रहा है। उन्होंने इस अंतर को दूर कर सभी चाय उत्पादकों के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।


















